• Mon. Feb 9th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से दो दिन पहले मंत्री विजय शाह ने फिर मांगी माफी, कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिया था विवादित बयान

Byadmin

Feb 9, 2026


राज्य ब्यूरो, भोपाल, जागरण। कर्नल सोफिया कुरैशी पर अशालीन टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट में 9 फरवरी को होने वाली सुनवाई से ठीक दो दिन पहले शनिवार, 7 फरवरी को मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री विजय शाह ने फिर माफी मांगी।

विजय शाह ने वीडियो जारी कर कहा, ‘मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं, आज मैं फिर दोहरा रहा हूं, मेरा ऐसा कोई उद्देश्य नहीं था कि किसी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या समाज के किसी भी वर्ग का अपमान हो।’

विजय शाह बीजेपी में आदिवासी समाज का बड़ा चेहरा हैं। आठ बार से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। मध्य प्रदेश में सत्ता की चाबी आदिवासियों के हाथ में रहती है। यही कारण है कि बीजेपी हो या कांग्रेस, दोनों का प्रयास जनजातीय वर्ग को साध कर रखने का होता है।

विजय शाह ने आगे कहा, ‘निस्संदेह मेरे शब्द, मेरी भावना के अनुरूप नहीं थे। ये शब्द देशभक्ति के उत्साह, उत्तेजना और आवेश में निकले थे। गलती के पीछे की भावना देखी जानी चाहिए। भविष्य में वाणी पर नियंत्रण रहेगा और ऐसी गलती नहीं होगी।’

बता दें कि 19 जनवरी को इस मामले में सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार से दो हफ्ते के भीतर विजय शाह के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए अभियोजन की स्वीकृति संबंधी निर्णय लेने को कहा था। इसकी सीमा बीत चुकी है।

राज्य सरकार ने इस संबंध में एसआइटी की रिपोर्ट का पुन: परीक्षण करने के लिए समय मांगा है।

चार बार माफी मांग चुके हैं विजय शाह

विजय शाह इस अशालीन टिप्पणी को लेकर चार बार माफी मांग चुके हैं। 11 मई 2025 को इंदौर के महू के रायकुंडा गांव में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कर्नल सोफिया कुरैशी का नाम लिए बिना यह टिप्पणी की थी। उन्होंने पिछले साल 13, 14 और 23 मई और फिर आज शनिवार को माफी मांगी।

By admin