• Fri. Mar 6th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

‘हर दिन महीने की तरह बीत रहा है’: अमेरिका-इसराइल के हमले के बाद ईरान के लोगों का डर और उम्मीदें

Byadmin

Mar 6, 2026


तेहरान के एक चौक पर हवाई हमले में मारे गए एक व्यक्ति का शव ले जाते राहतकर्मी

इमेज स्रोत, BBC / Getty Images

इमेज कैप्शन, तेहरान के एक चौक पर हवाई हमले में मारे गए एक व्यक्ति का शव ले जाते राहतकर्मी (फ़ाइल फ़ोटो)

    • Author, फ़ारेन ताग़ीज़ादेह
    • पदनाम, बीबीसी फ़ारसी
  • पढ़ने का समय: 8 मिनट

अमेरिका और इसराइल के ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध को लगभग एक हफ़्ता हो चुका है. युद्ध की शुरुआत से ही, लगातार हो रहे हवाई हमलों, सुरक्षा बलों की धमकियों और इंटरनेट बंदी के बीच ईरानी लोग अपने परिजनों से संपर्क बनाए रखने की कोशिशें कर रहे हैं.

देश के अंदर लोगों से बात करना मुश्किल है, लेकिन कई ईरानियों ने, जिनकी पहचान सुरक्षा कारणों से बदल दी गई है, बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी से अपने अनुभव साझा किए हैं.

तेहरान में रहने वाले सालार ने बताया, “जो हम इस वक़्त झेल रहे हैं, वह पिछले साल जून में हुए 12 दिन के युद्ध से भी कहीं ज़्यादा भयानक है. विस्फोटों की संख्या, तबाही, जो कुछ भी हो रहा है, यक़ीन करना मुश्किल है.”

अमेरिका और इसराइल ने संयुक्त रूप से 28 फ़रवरी को ईरान पर हमले किए थे. ईरान की राजधानी तेहरान तब से ही लगातार हो रहे हमलों की चपेट में है. सालार तेहरान में ही रहते हैं.

हाल ही में हुई एक एयरस्ट्राइक के बारे में बताते हुए सालार कहते हैें, “धमाके की आवाज़ों से खिड़कियां और परदे तक हिल गए. मैंने शीशा टूटने से बचाने के लिए खिड़कियाँ खुली छोड़ दीं. पूरा घर कांप उठा… हर दिन एक महीने जैसा लग रहा है. हमलों की रफ़्तार बहुत तेज़ है.”

By admin