डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इडियन आयल कारपोरेशन ने शुक्रवारको कहा कि वह प्रतिदिन लगभग 28 लाख एलपीजी सिलिंडर डिलीवरी कर रही है। सरकारी तेल कंपनी ने कहा कि बदलती भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद परिचालन सामान्य बना हुआ है।

तेल कंपनी ने ग्राहकों दिलाया भरोसा
तेल कंपनी ने ग्राहकों को यह भी भरोसा दिलाया है कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है और पैनिक बुकिंग और स्टाक जमा नहीं करें। इंटरनेट मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कंपनी ने कहा, ‘इंडियन ऑयल देशभर के घरों में बिना रुकावट एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है। प्रतिदिन लगभग 28 लाख एलपीजी सिलिंडरडिलीवर किए जा रहे हैं।’

87 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग अब डिजिटल
कंपनी ने बताया कि लगभग 87 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग अब एसएमएस और आईवीआरएस जैसे डिजिटल प्लेटफार्म के जरिये की जाती है और डिलीवरी ओटीपी के जरिये सत्यापित की जाती है, जिससे सिलिंडर सही ग्राहक तक पहुंचे। तेल कंपनियां प्रवासी मजदूरों को सत्यापित आईडी प्रूफ पर पांच किलो सिलिंडर की लगातार आपूर्ति कर रही हैं।

घरेलू एलपीजी ग्राहक प्राथमिकता
कंपनी ने आगे कहा, ‘घरेलू एलपीजी ग्राहक हमारी सबसे पहली प्राथमिकता हैं। पूरे देश में डिस्ट्रीब्यूटर के जरिये बिना रुकावट आपूर्ति पक्की की जा रही है और कालाबाजारी को रोकने के लिए कड़ी मॉनिटरिंग की जा रही है।’ कंपनी ने लोगों को इंटरनेट मीडिया पर फैल रही गुमराह करने वाली जानकारी पर यकीन नहीं करने की सलाह दी।
