डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में तनाव अभी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हॉर्मुज में लगातार हमले हो रहे हैं जिसमें भारतीय जहाज भी निशाने पर आ रहे हैं। वहीं, एक बार फिर हॉर्मुज में दो जहाजों पर हमला हुआ है जिस पर भारतीय नाविक सवार थे।
केंद्रीय शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को बताया कि दो अलग-अलग घटनाओं में कुल 24 भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर हमला हुआ, लेकिन सभी सुरक्षित हैं और किसी की जान नहीं गई या चोट नहीं आई।
सोनोवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 16 अक्टूबर को हॉर्मुज जलडमरूमध्य में क्रूड ऑयल टैंकर एमटी एसटी 3 पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। इस जहाज पर 15 भारतीय नाविक सवार थे। दूसरी घटना 14 अक्टूबर को रोमानिया के सुलिना एंकरेज पर हुई, जहां केमिकल टैंकर यारा जे पर ड्रोन से हमला हुआ। इस पर नौ भारतीय नाविक थे।
मंत्री ने कहा कि खुशी की बात है कि दोनों जहाजों पर सवार सभी 24 भारतीय नागरिक पूरी तरह सुरक्षित हैं। कोई हताहत या घायल नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि सरकार दोनों स्थितियों पर नजर रखे हुए है और क्रू सदस्यों की सुरक्षा व कल्याण सुनिश्चित करने के लिए शिप मैनेजमेंट कंपनियों से लगातार संपर्क में है।
ये घटनाएं मध्य पूर्व और काला सागर क्षेत्र में भारतीय नाविकों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर बार-बार हो रहे हमलों के बीच आई हैं।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने पहले 11 अक्टूबर को हॉर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की निंदा की थी। मंत्रालय ने इन्हें बेहद चिंताजनक बताया था और चेतावनी दी थी कि ये पहले से तनावपूर्ण स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं।