• Thu. Apr 30th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

होर्मुज में जहाजों पर हमलों की भारत ने UN में की निंदा, गाजा में हो रहे विनाश पर भी जताई चिंता

Byadmin

Apr 30, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र में भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत योजना पटेल ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाने के प्रयासों की कड़े शब्दों में निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पश्चिम एशिया की स्थिति पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने इन हमलों को ‘निंदनीय’ करार दिया और अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन पर जोर दिया।

योजना पटेल ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य के माध्यम से होने वाला वाणिज्यिक शिपिंग भारत की ऊर्जा और आर्थिक सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सैन्य हमलों में वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

संघर्ष के दौरान भारतीय नाविकों की जान जाने पर गहरी ¨चता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि चालक दल के निर्दोष सदस्यों की सुरक्षा और नेविगेशन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना अनिवार्य है। भारत ने 11 मार्च को अपनाए गए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का सह-प्रायोजन भी किया था, जो समुद्री सुरक्षा पर केंद्रित है।

राजदूत ने रेखांकित किया कि पश्चिम एशिया भारत का निकटतम पड़ोस है और इस क्षेत्र की स्थिरता भारत के लिए प्राथमिकता है। खाड़ी देशों में लगभग एक करोड़ भारतीय रहते हैं और काम करते हैं, जिनकी सुरक्षा भारत के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तनाव बढ़ने का असर अंतरराष्ट्रीय शांति, व्यापार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ता है। भारत ने सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने, तनाव कम करने और कूटनीति के मार्ग को अपनाने का आग्रह किया है।

इसके साथ ही, गाजा में हो रहे विनाश और नागरिकों की जान जाने पर भी ¨चता जताई गई। भारत का मानना है कि सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए ताकि वैश्विक वाणिज्य सुरक्षित रूप से चलता रहे।

By admin