जागरण न्यूज, नई दिल्ली। नौ करोड़ के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता एवं मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड स्टार सलमान खान, अजय देवगन, फिल्म निर्माता डेविड धवन और उनके अभिनेता-पुत्र वरुण धवन समेत कई हस्तियों ने और हाथ बढ़ाए हैं।
उधर, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (एफडब्ल्यूआइसीई) ने भी फिल्म और टीवी उद्योग से जुड़े लोगों से अपील की है कि जीवन के इस कठिन दौर में वह अभिनेता की मदद करें।
बीते रोज अभिनेता सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह, तेज प्रताप यादव समेत कई लोग उनकी मदद को आगे आए थे। राजपाल यादव के 25 वर्षों से मैनेजर रहे गोल्डी जैन ने कहा कि प्रमुख अभिनेताओं से लेकर निर्देशकों और निर्माताओं तक कई हस्तियों ने अभिनेता की सहायता की पेशकश की है।
राजपाल की जमानत पर सुनवाई
गोल्डी ने कहा, ‘ कई लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए हैं। सोनू सूद, सलमान खान और अजय देवगन जैसे अभिनेता उनकी वित्तीय मदद के लिए खड़े हुए हैं। वे सभी राजपाल भाई के शुभचिंतक हैं।’ उन्होंने कहा कि जमानत पर गुरुवार को सुनवाई है और अगर सब ठीक रहा तो हम संवाददाता सम्मेलन करेंगे।
गायक मीका सिंह ने भी अभिनेता को 11 लाख की मदद देने का एलान किया। कहा-‘ राजपाल जी, मैं आपके साथ खड़ा हूं। आपने सबको हंसाया है और अब हमारी बारी है। मैं फिल्म इंडस्ट्री से अपील करता हूं कि सब मिलकर मदद करें। हम एक परिवार हैं।
एफडब्ल्यूआइसीई ने की मदद की अपील
‘एएनआइ के अनुसार, एफडब्ल्यूआइसीई ने सभी निर्माताओं, निर्देशकों, कलाकारों, तकनीशियनों, संघों और शुभचिंतकों से अपील की है कि वे यादव को उनकी देनदारियों को चुकाने और उनकी रिहाई के लिए मदद करें। योगदान करता राजपाल यादव को सीधे या फिर एफडब्ल्यूआइसीई के जरिए मदद कर सकते हैं।
बता दें कि दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद बॉलीवुड अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव तिहाड़ में सलाखों के पीछे हैं। चार फरवरी को हाई कोर्ट ने चेक बाउंस मामले में अभिनेता की धन व्यवस्था के लिए एक सप्ताह की मोहलत और देने की अंतिम याचिका को खारिज कर दिया था और अभिनेता को बिना किसी देरी के तिहाड़ में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पांच फरवरी को राजपाल यादव ने तिहाड़ में आत्मसमर्पण कर दिया था।
अभिनेता की पत्नी राधा बोलीं- फिल्म जगत ने हमारा साथ दिया है, हम आभारी हैं
पीटीआई के अनुसार, अभिनेता राजपाल यादव की पत्नी राधा ने बुधवार को कहा कि फिल्म उद्योग के कई लोग जेल में बद उनके पति के समर्थन में आगे आए हैं। राधा ने कहा-‘ सब लोग उनके साथ खड़े हैं। फिल्म उद्योग ने बहुत सहयोग किया है। जो भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, हम सबका बहुत धन्यवाद करते हैं।’
यह है मामला
अभिनेता राजपाल यादव ने साल 2010 में ‘अता पता लापता’ फिल्म बनाने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये उधार लिए थे। फिल्म फ्लॉप होने से राजपाल को बड़ा नुकसान हुआ और वह यह पैसा लौटा नहीं पाए। अभिनेता ने जो सात चेक दिए हुए थे, वह भी बाउंस हो गए। इसके बाद फर्म ने राजपाल के खिलाफ चेक बाउंस और लोन मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की। इसके चलते 2018 में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
अदालत ने उन्हें छह महीने की सजा सुनाई थी। वह जमानत पर बाहर तो आ गए, मगर केस चलता रहा। इस दौरान लोन की रकम भी ब्याज सहित नौ करोड़ रुपये तक जा पहुंची। पिछले दिनों दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें और राहत देने से इनकार करते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी थी।