थाईलैंड ने कंबोडिया के साथ विवादित सीमा क्षेत्र में हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। थाई सैन्य अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यह कार्रवाई उस समय की गई, जब दोनों देशों ने एक-दूसरे पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कराए गए संघर्षविराम समझौते को तोड़ने का आरोप लगाया।
थाई सेना के बयान के मुताबिक, पूर्वी प्रांत उबोन रत्चाथानी के दो इलाकों में ताजा झड़पों में एक थाई सैनिक की मौत हुई और चार घायल हुए। सेना ने कहा कि उनके जवानों पर कंबोडिया की ओर से गोलीबारी की गई, जिसके बाद उन्होंने कई सैन्य ठिकानों पर हवाई हमला शुरू किया।
वहीं, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि थाई सेना ने आज सुबह उनके दो सैन्य ठिकानों पर हमले किया। मंत्रालय ने दावा किया कि पिछले कई दिनों से थाई सेना उकसाने वाली गतिविधियां कर रही है और कंबोडियाई सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई नहीं की।
जुलाई में चला पांच दिन का संघर्ष
दोनों देशों के बीच जुलाई में तनाव भड़का था। तब पांच दिन तक संघर्ष चला। इसके बाद मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और ट्रंप की मध्यस्थता में संघर्षविराम कराया गया था। अक्तूबर में कुआलालंपुर में दोनों देशों ने विस्तारित शांति समझौते पर हस्ताक्षर भी किए थे। जुलाई के संघर्ष में 48 लोग मारे गए थे और करीब तीन लाख लोग अस्थायी रूप से विस्थापित हुए थे। दोनों देशों ने उस समय भारी तोपखाने और रॉकेट दागे थे।
(अधिक जानकारी अपडेट की जा रही है…)