• Fri. Oct 11th, 2024

24×7 Live News

Apdin News

Akhilesh Yadav Jp Nic,JP NIC सेंटर के मेन गेट को टिन की चादरों से किया गया बंद, रात को ही पहुंच गए अखिलेश यादव – lucknow main gate of jp nic center was closed with tin sheets akhilesh yadav reached at night detail here

Byadmin

Oct 11, 2024


लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार देर रात के करीब जेपी एनआईसी सेंटर पहुंच गए। दरअसल, संपूर्ण क्रांति के नायक लोकनायक जय प्रकाश नारायण की शुक्रवार यानी 11 अक्टूबर को जयंती है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार सुबह लोकनायक जय प्रकाश नारायण को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए JP NIC सेंटर जाने वाले थे। इससे पहले ही लखनऊ प्रशासन ने गेट पर टिनशेड लगाकर सील कर दिया है।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि किसी को नमन करने या श्रद्धांजलि देने से रोकना सुसभ्य लोगों की निशानी नहीं है। इसके बाद आधी रात के करीब वे जेपी एनआईसी पहुंच गए। इससे यूपी का राजनीतिक तापमान गरमा गया है। इस मौके पर उन्होंने सीधे सरकार पर निशाना साधा है।

अखिलेश ने बोला जोरदार हमला

अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि टिन शेड लगाकर सरकार कुछ तो छिपाना चाह रही है। यह पहली बार नहीं हो रहा है। ऐसे हर बार कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि महान समाजवादी नेता की जयंती पर यहां कार्यक्रम हर साल होता रहा है। ऐसे में इस प्रकार की कार्रवाई क्यों हो रही है। कहीं ऐसा तो नहीं है कि इसे बेचने की तैयारी तो नहीं है। पेंटर यहां बैठा हुआ है।

अखिलेश ने सवाल किया कि यह निर्माणाधीन नहीं है। उन्होंने कहा कि इसे बेचा जा रहा है। टिन शेड लगाकर विचारधारा को रोका नहीं जा सकता है। इस टिन शेड को लगाकर कितने दिन रोकेंगे। दो साल के बाद क्या करेंगे? इसके जरिए उन्होंने यूपी चुनाव 2027 का संदेश देने की कोशिश की।

कार्यकर्ताओं को दी नसीहत

अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं के साथ जेपी एनआईसी पहुंचे। इस दौरान गेट पर टिन शेड को लगा देखकर सपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। उन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया। वहीं, कुछ लोग काम कर रहे कर्मियों के साथ भी तेज आवाज में बात करना शुरू कर दिया। इस पर अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं को समझाते दिखे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह मजदूर हैं। इनसे क्या बात करनी है। वहीं, टिन शेड को पीट रहे कार्यकर्ताओं से ऐसा नहीं करने की बात कही।

सपा प्रवक्ता ने बोला हमला

जेपी एनआईसी गेट पर टिन शेड लगाए जाने के मसले पर सपा प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने भी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा जैसे दल चाहे जितने बड़े हो जाएं, अपना दायरा कितना ही बड़ा कर लें, अपने आप को देश ही नहीं दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी साबित कर लें, लेकिन उनकी सोच बहुत संकीर्ण और दोयम दर्जे की है। आज जेपी एनआईसी लखनऊ में अपना कार्यक्रम करने के बाद वह उसके गेट पर बैरिकेटिंग करवा रही है, ताकि कल जब माननीय अखिलेश यादव जी वहां पर अपना कार्यक्रम करने पहुंचे तो वह उसमें दाखिल न हो पाएं।

सुनील साजन ने कहा कि यह घटिया कृत्य है। यह बताता है कि योगी सरकार की मानसिकता कितनी संकीर्ण और भेदभावपूर्ण है। सबका साथ सबका विकास और अंत्योदय की बात करने वाले की असलियत बताती यह तस्वीर ज्यादा दिन चलने वाली नहीं है। जनता इसे उखाड़ फेंकेगी। जेपी एनआईसी को सील करने वाली यह कीलें सरकार अपनी ताबूत में ठोक रही है।

By admin