बिहार में इस साल जल्द आ सकता है मॉनसून
पिछले साल बिहार में मॉनसून 20 जून को आया था, जो कि देरी से था। बारिश भी सामान्य से कम हुई थी। मौसम विभाग ने 15 मई को मॉनसून का पूर्वानुमान जारी किया है। इससे केरल और बिहार में मॉनसून आने की सही जानकारी मिलेगी।
समय से 4 दिन पहले आ सकता है मॉनसून
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मॉनसून समय से चार दिन पहले आ सकता है। आईएमडी का अनुमान है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 27 मई को केरल पहुंचेगा। आमतौर पर मॉनसून 1 जून को केरल के रास्ते भारत में आता है। केरल में पहले मॉनसून आने से यह उम्मीद है कि बिहार में भी यह समय से पहले आएगा। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मॉनसून आने की संभावित तारीख 13 से 15 जून है।
बिहार में मॉनसून 2025 की संभावित तारीख
इस साल यानी बिहार में मॉनसून 2025, 13 से 15 जून तक आ सकता है। पिछले साल बिहार में मॉनसून पांच दिन की देरी से 20 जून को आया था। बारिश भी सामान्य से 20 प्रतिशत कम हुई थी। 2023 में मॉनसून समय से एक दिन पहले 12 जून को आ गया था। लेकिन फिर भी बारिश सामान्य से 23 प्रतिशत कम हुई थी। 2020 से 2022 के बीच बिहार में मॉनसून 13 जून को आया था।
बिहार में मॉनसून के दौरान सामान्य बारिश का आंकड़ा
बिहार में मॉनसून के मौसम में सामान्य बारिश 1272.5 मिलीमीटर होती है। 2021 के बाद से बिहार में मॉनसून के मौसम में सामान्य से ज्यादा बारिश नहीं हुई है। इस बार उम्मीद है कि अगर 2025 में समय से पहले मॉनसून आता है, तो अच्छी बारिश हो सकती है। लेकिन असली स्थिति बिहार में मॉनसून आने के बाद ही पता चलेगी। यह देखना होगा कि मौसम मॉनसून को मदद कर रहा है या नहीं। अगर मौसम साथ देगा, तो सामान्य से ज्यादा बारिश होगी।
15 मई को मौसम विभाग देगा मॉनसून पर रिपोर्ट
बिहार के मौसम विभाग ने कहा है कि 15 मई को आईएमडी मॉनसून के बारे में अपनी रिपोर्ट जारी करेगा। इसके बाद ही केरल और बिहार में मॉनसून आने की सही जानकारी मिल पाएगी। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, अगर मॉनसून केरल में उम्मीद के मुताबिक पहुंचता है, तो यह 2009 के बाद पहली बार होगा जब मॉनसून भारत में इतना जल्दी आएगा। 2009 में मॉनसून 23 मई को आया था। भारत में मॉनसून के आने की आधिकारिक घोषणा तब होती है, जब यह केरल पहुंचता है, जो आमतौर पर 1 जून के आसपास होता है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 8 जुलाई तक पूरे देश में फैल जाता है। यह 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से वापस जाना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से चला जाता है।
स्थानीय स्तर पर भी प्रभावित होता है मॉनसून
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि मॉनसून के आने की तारीख और पूरे देश में होने वाली बारिश के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि केरल में मॉनसून के जल्दी या देर से आने का मतलब यह नहीं है कि यह देश के बाकी हिस्सों में भी उसी तरह पहुंचेगा। यह कई चीजों पर निर्भर करता है, जैसे कि दुनिया भर में, आसपास के इलाकों में और स्थानीय स्तर पर मौसम कैसा है।