• Tue. Oct 28th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Chhath Puja 2025: Women Devotees To Offer Arghya To Rising Sun At Chhath Ghats; The 36-hour Fast Is Complete – Amar Ujala Hindi News Live

Byadmin

Oct 28, 2025


07:43 AM, 28-Oct-2025

बिहार: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष-यूपी के डिप्टी सीएम भी पूजा में शामिल

बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने छठ पूजा के आखिरी दिन किशनगंज में उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ दिया। उन्होंने पूजा के बाद कहा, “यह आस्था का महापर्व है। हमने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया… आज मुझे किशनगंज में छठ पूजा मनाने का अवसर मिला। मैं छठी मैया से लोगों के बीच सद्भाव, आपसी प्रेम और सभी के स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना करता हूं।”

दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और बिहार में चुनाव प्रभारी बनाकर भेजे गए केशव प्रसाद मौर्य ने भी पटना में छठ पूजा में हिस्सा लिया। 

07:25 AM, 28-Oct-2025

बिहार: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने दिया उगते सूर्य को अर्घ्य

जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने छठ पूजा अनुष्ठान में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने कहा, “आज, मैं बिहार और देश के सभी लोगों को, जो छठ पूजा मना रहे हैं उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। छठी मैया सभी पर कृपा करें, खासकर बिहार पर, ये एक महापर्व है। आज हम उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं, हमने भी अर्घ्य दिया है।”

 

07:05 AM, 28-Oct-2025


Chhath Puja
– फोटो : अमर उजाला

छठ पर्व के चौथे दिन उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने की विधि

  • छठ पर्व का चौथा दिन उषा काल का अर्घ्य के रूप में मनाया जाता है।
  • सबसे पहले व्रती उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करके पूजा करें। 
  • इस दिन व्रती साथ-सुथरे वस्त्र पहनें।
  • पूजा की थाली में दूध, गंगाजल, हल्दी, सुपारी, अक्षत और दीपक रखें। 
  • इसके बाद किसी नदी में कमर तक पानी में खड़े होर सूर्य देव को अर्घ्य दें।
  • अर्घ्य के बाद परिवार सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें।
  • व्रती पूजा के पूरा होने के बाद प्रसाद को ग्रहण कर व्रत संपन्न करें।

06:41 AM, 28-Oct-2025

चिराग, धर्मेंद्र समेत कई केंद्रीय मंत्री भी छठ महापर्व में हुए शामिल

राजधानी पटना के एजी कॉलोनी पार्क में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छठ पूजा में भाग लिया। उन्होंने कहा मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि सूर्य देव और छठी मइया की पूजा का अवसर मिला। इस मौके पर समाज की प्रगति की कामना भी की। वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना स्थित अपने आवास पर छठ पूजा के अनुष्ठान पूरे किए। हाजीपुर में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने भी छठ महापर्व के अंतिम दिन श्रद्धा से अर्घ्य अर्पित किया।

 

 

 

06:25 AM, 28-Oct-2025

कठिन व्रतों में से एक माना जाता है छठ पर्व 

छठ पर्व कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। यह पर्व हर वर्ष कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से शुरू होकर सप्तमी तिथि तक चलता है। छठ पर्व का पहला दिन नहाय-खाय के साथ शुरू होता है, फिर दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होता है। 28 अक्तूबर को छठ पर्व का आखिरी दिन है। ऐसे में इस दिन व्रती सुबह किसी पवित्र नदी या तालाब में खड़े होकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते है, फिर इसके बाद चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व संपन्न होता है।

06:21 AM, 28-Oct-2025

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य छठ पूजा के लिए भाजपा नेता संजय मयूख के आवास पर पहुंचे

पटना में छठ पूजा की तैयारियां के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा नेता संजय मयूख के आवास पर आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

06:15 AM, 28-Oct-2025

गोरखपुर, वाराणसी और नोएडा के घाटों पर व्रतियों का उमड़ा सैलाब

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, वाराणसी और नोएडा में भी छठ महापर्व की आस्था का सैलाब घाटों में दिखाई दे रहा है। गोरखपुर के गुरु गोरखनाथ घाट पर हजारों व्रती महिलाओं ने ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित किया, वहीं घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दूसरी तरफ वाराणसी में गंगा तट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। अस्सी घाट से लेकर राजघाट तक छठ गीतों की मधुर गूंज ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं नोएडा में श्रद्धालुओं ने यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बने अस्थायी घाटों और सेक्टर-78 स्थित जलाशयों पर पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना की।

 

 

06:13 AM, 28-Oct-2025

दिल्ली के घाटों में भी श्रद्धालुओं की भीड़

राष्ट्रीय राजधानी में यमुना तट स्थित हाथी घाट और वासुदेव घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में फल, ठेकुआ और नारियल से सजे सूप लेकर सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती नजर आईं।

 

06:11 AM, 28-Oct-2025

पटना के घाटों पर आस्था का सैलाब

राजधानी पटना में गंगा तटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दीघा घाट, कंकड़बाग और कुर्जी घाट समेत विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालु सुबह से ही एकत्र हुए। बिहार में उत्सव का माहौल था। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी भाजपा नेता संजय मयूख के आवास पर आयोजित छठ अनुष्ठान में भाग लिया।

 

05:55 AM, 28-Oct-2025

देशभर में छठ महापर्व की धूम: छठ घाटों पर उगते सूर्य को अर्घ्य दे रही व्रती महिलाएं; 36 घंटे का उपवास पूर्ण

सूर्य उपासना के महापर्व छठ की पूरे देश में धूम है। 25 अक्टूबर के शुरू हुआ यह पर्व आज यानी 28 अक्टूबर को सूर्योदय पर सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ पूरा होगा। देशभर के घाटों पर कुछ ही देर में व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी और इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूर्ण होगा।

आज छठ पर्व के अंतिम दिन गंगा, यमुना, कोसी, गंडक से लेकर यमुना तट तक छठ घाटों पर अपार भीड़ उमड़ी हुई है। पटना, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और रांची जैसे महानगरों में भी छठ पूजा की भव्य तैयारियां देखने को मिलीं। छठ महापर्व का यह अंतिम दिन उषा अर्घ्य के नाम से जाना जाता है। व्रती महिलाएं सुबह सूरज की पहली किरण को अर्घ्य देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज की मंगलकामना करती हैं।

इससे पहले, रविवार की शाम को श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। व्रतियों ने तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान भास्कर और छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर से लेकर गांव तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।



By admin