• Sat. Feb 8th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Cold Increased In Up,UP Weather: यूपी में फिर मौसम ने ली करवट, तापमान में गिरावट आने से बढ़ने लगी ठंड – due to strong winds cold increased in up

Byadmin

Feb 8, 2025


अभय सिंह राठौड़, लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से मौसम बदल गया है। प्रदेश में बीते कुछ दिनों से तेज हवा चल रही है, जिससे हल्की-हल्की ठंड बढ़ गई है। इतना ही नहीं, प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अभी तक जहां प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10℃ के पार पहुंच गया था। वहीं, शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में नजीबाबाद में सबसे कम 6℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है, जबकि लखनऊ में 8℃ न्यूनतम और 24.3℃ अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। फिलहाल प्रदेश में इस समय दिन के वक्त तेज धूप के साथ हवा भी चल रही है। सूरज ढलने के बाद ठंड शुरू हो जा रही है।8 फरवरी को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम साफ रह सकता है। इस दौरान दोनों हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जबकि 9 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहने के साथ ही देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं पर धुंध और छिछला कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में किसी तरह की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। इसी तरह 10 फरवरी से 13 फरवरी तक प्रदेश में धुंध और छिछला कोहरा छाने के आसार जताए गए हैं। इस बीच प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है।

प्रदेश में तापमान में फिर से बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार को मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नजीबाबाद जिले में सबसे कम 6℃ न्यूनतम और 21.5℃ अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जबकि बहराइच में 7.2℃, अयोध्या में 7.5℃, बरेली में 7.5℃, फुरसतगंज में 7.6℃, अलीगढ़ में 8℃ और बुलंदशहर में 8℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इस तरह कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ से नीचे लुढ़क गया है। इसके साथ ही बुलंदशहर में 22℃, बरेली में 22℃, इटावा में 22.5℃, अलीगढ़ में 22.6℃, मेरठ में 22.4℃, मुजफ्फरनगर में 22.3℃, शाहजहांपुर में 22.6℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

By admin