पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। चुनाव आयोग (EC) ने आठवीं सप्लीमेंट्री लिस्ट जारी करते हुए बताया कि अब तक करीब 52 लाख मामलों का निपटारा किया जा चुका है। यह प्रक्रिया कलकत्ता हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत चल रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक कुल मामलों में से 35 से 40 प्रतिशत नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके हैं। अभी लगभग 8 लाख मामलों पर काम जारी है, जिसे अगले चार दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो 7 अप्रैल तक पूरी प्रक्रिया समाप्त हो सकती है।
यह प्रक्रिया इसलिए अहम है क्योंकि राज्य में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होना है और 6 अप्रैल तक नामांकन की अंतिम तारीख है। मतदाता सूची को फाइनल करने से पहले सभी विवादों का निपटारा जरूरी है। हालांकि, मालदा जिले के कालियाचक में हाल ही में न्यायिक अधिकारियों को घेरने की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सत्यापन में लगे अधिकारियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। जिन लोगों के नाम सप्लीमेंट्री लिस्ट में शामिल नहीं हुए हैं, उन्हें अब न्यायाधिकरण का रुख करना होगा, हालांकि इनके काम शुरू होने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।