• Thu. Mar 12th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Farooq Abdullah:पूर्व सीएम फारूख अब्दुल्ला पर हमला, फायरिंग में बाल-बाल बचे; डिप्टी सीएम चौधरी भी थे मौजूद – Farooq Abdullah Firing At Former Cm Farooq Abdullah Event Deputy Cm Surinder Chaudhary Was Also Present

Byadmin

Mar 12, 2026


नेशनल कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग का मामला सामने आया है। हमला उस वक्त हुआ जब वे जम्मू के ग्रेटर कैलाश स्थित राॅयल पार्क में एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के साथ वापस लौट रहे थे। दोनों नेता पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुरानी मंडी निवासी हमलावर कमल सिंह जम्वाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

डॉ. फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ग्रेटर कैलाश के रॉयल पार्क में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। समारोह में शिरकत करने के बाद जैसे ही दोनों नेता बाहर निकल अपनी गाड़ियों की तरफ बढ़ रहे थे तभी वहां मौजूद आरोपी ने गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद दोनों नेताओं के मुस्तैद सुरक्षाकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए हमलावर को दबोच लिया।

आरोपी कमल सिंह के पकड़े जाने के बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

आरोपी बोला-20 साल से मारना चाहता था…आज मौका मिला

आरोपी कमल सिंह ने पुलिस हिरासत में कहा कि वह 20 साल से डॉ. फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था। उसने यह भी कहा कि उसे आज (बुधवार) को मौका मिला। पुलिस और खुफिया एजेंसियां कमल सिंह जम्वाल से कड़ी पूछताछ कर रही हैं। पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी हथियार लेकर कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचा। इस घटना के बाद पूरे जम्मू शहर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है।

सुरक्षा में चूक

डिप्टी सीएम ने इसे सुरक्षा में चूक बताया। मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने कहा कि खुदा का शुक्र है कि सब सुरक्षित हैं।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया- अल्लाह मेहरबान है। मेरे पिता बाल-बाल बच गए। फिलहाल पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन इतना पता चला है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल करीब आ गया और गोली चला दी। सुरक्षा दल ने हत्या के प्रयास को नाकाम कर दिया। कोई व्यक्ति जेड+ एनएसजी से सुरक्षित पूर्व मुख्यमंत्री के इतने करीब कैसे पहुंच गया।

जम्मू-कश्मीर पुलिस कांग्रेस के विधायक एजाज अहमद जान ने बताया कि फारूक अब्दुल्ला एक समारोह में गए थे। हम सब उनके साथ थे। जब हम समारोह से निकल रहे थे, तभी एक आदमी पीछे से आया और बहुत तेजी से दौड़ते हुए डॉक्टर साहब (फारूक अब्दुल्ला) की पीठ पर रिवाल्वर रखकर गोली चला दी, लेकिन गोली चूक गई। डॉक्टर साहब (फारूक अब्दुल्ला) के सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया, नीचे गिरा दिया, उसे दबाया और बड़ी मुश्किल से उससे पिस्तौल छीन ली। फिर हम वहां से निकलकर घर वापस आ गए। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि बंदूक शादी के अंदर तक पहुंच गई। लेकिन शुक्र है कि सब ठीक हैं। फारूक अब्दुल्ला बिल्कुल ठीक हैं। वे आराम करने के लिए अपने कमरे में चले गए हैं।”

उन्होंने आगे बताया कि हमलावर को फिलहाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है। उसके बारे में सिर्फ पुलिस ही बता सकती है। उसके बाल थोड़े सफेद थे… उसके बारे में अभी और कुछ पता नहीं चला है… इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।



By admin