गाजियाबाद के लोनी में यूट्यूबर सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह मुठभेड़ लोनी अंडरपास के पास निठौरा अंडरपास के निकट हुई।
एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि पुलिस और बाइक सवार बदमाश के बीच करीब 10 मिनट तक फायरिंग हुई, जिसमें बदमाश की ओर से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। लोनी पुलिस और देहात स्वाट टीम ने उनके नेतृत्व में यह मुठभेड़ की। इसमें एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृत बदमाश की पहचान जीशान निवासी नगला सैफी, जिला अमरोहा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी बदमाश ने सलीम पर चाकू से हमला किया था। सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर पीछे बैठा दिखाई दिया था और कुर्ता पजामा पहने हुए था। मौके से हमले में प्रयुक्त चाकू, एक पिस्टल, कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।