इस्राइल और अमेरिका की तरफ से ईरान के खिलाफ युद्ध को आज 19 दिन हो चुके हैं। इस बीच इस्राइल-अमेरिका ने अब तक ईरान की लगभग पूरे शीर्ष नेतृत्व पर हवाई हमले किए हैं और इनमें पहले दिन सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई से लेकर 18वें दिन ईरान में नंबर-2 माने जाने वाले अली लारिजानी तक की जान गई है। इस्राइली राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि लारिजानी की मृत्यु के बाद अब ईरान का पूरा नेतृत्व बिखर चुका है और अब उसे उम्मीद है कि ईरान में जनता सत्ता को अपने हाथ में ले लेगी।
नेतन्याहू के इस बयान से साफ है कि ईरान में लारिजानी का कद कितना बड़ा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने इस कद के कारण ही लारिजानी शुरुआत से ही अमेरिका और इस्राइल की रडार पर थे, लेकिन दोनों ही देश बीते दो हफ्तों में उन पर हमले का मौका हासिल नहीं कर पाए थे। इसके बाद 16 मार्च की देर रात जैसे ही इस्राइल को लारिजानी की गतिविधि के बारे में जानकारी मिली, उन्हें निशाना बनाया गया।