• Sun. Mar 29th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

IIT खड़गपुर का ऐतिहासिक कदम, एमडी कोर्स के लिए एनएमसी में आवेदन

Byadmin

Mar 28, 2026


जागरण संवाददाता, कोलकाता। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर ने स्नातकोत्तर डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के पास आवेदन किया है। संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यदि प्रस्ताव को केंद्र की मंजूरी मिल जाती है तो यह पहला आईआईटी होगा जो स्नातकोत्तर चिकित्सा कार्यक्रम शुरू करेगा। आवेदन दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 मार्च है।

20 सीटों के साथ शुरू किया जाएगा स्नातकोत्तर कार्यक्रम

चक्रवर्ती ने कहा कि प्रस्तावित स्नातकोत्तर कार्यक्रम 20 सीटों के साथ शुरू किया जाएगा। शिक्षा मंत्रालय ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है लेकिन अंतिम निर्णय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के पास है क्योंकि यह एक अंतर-मंत्रालयी निर्णय है। एमडी कार्यक्रम में छात्रों को पढ़ाने के लिए पहले ही 20 चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी गई है।

चक्रवर्ती ने प्रस्ताव के लिए कोई निश्चित समय-सीमा बताने से इनकार करते हुए कहा कि सब कुछ राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की प्रतिक्रिया पर निर्भर करता है। उन्होंने बताया कि इस योजना को 23 सितंबर 2025 को संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर के समक्ष मंजूरी के लिए पेश किया गया था।

संस्थान के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि छात्रों को डॉ. बीसी राय मल्टीस्पेशियलिटी मेडिकल रिसर्च सेंटर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। छात्रों का चयन राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के माध्यम से किया जाएगा।

चक्रवर्ती ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को 220 बिस्तरों वाले मिशन मोड आईपीडी अस्पताल के रूप में विस्तारित किया जा रहा है, जिससे छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

By admin