09:51 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: पांचवें दिन का खेल शुरू
पांचवें दिन के खेल की शुरुआत हो चुकी है। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट गंवाकर 90+ रन बना लिए हैं। उन्हें जीत के लिए अभी भी 280+ रन की दरकार है। वहीं, भारत को जीत के लिए छह विकेट चाहिए। कप्तान धनंजय डिसिल्वा और सोनल दिनुषा क्रीज पर हैं।
09:20 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: गॉल में बढ़िया पिच तैयार की गई
क्यूरेटर को श्रेय देना होगा कि उन्होंने गॉल में एक शानदार और संतुलित पिच तैयार की है। यहां बल्ले और गेंद के बीच अच्छा मुकाबला देखने को मिला है। बल्लेबाजों को भी सफलता मिली है। दो शतकवीरों (पडिक्कल और सोनल दिनुषा) और चार अर्धशतकवीरों (राहुल, जुरेल, डिकवेला और पंत) का प्रदर्शन इसका सबूत है। वहीं गेंदबाजों के लिए भी पिच पर पर्याप्त मदद रही है। तेज और सीम गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनरों को भी फायदा मिला है। पहली दो पारियों में स्पिनरों ने 20 में से 15 विकेट अपने नाम किए। हालांकि, चौथे दिन तेज गेंदबाजों ने शानदार जज्बे के साथ गेंदबाजी की और गिरे 14 विकेटों में से आठ विकेट अपने नाम किए।
09:19 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: गॉल की पिच
पिच गॉल में आमतौर पर जितनी खराब होती है, उतनी इस बार नहीं हुई है, लेकिन समय के साथ बल्लेबाजी निश्चित रूप से मुश्किल हुई है। सोनल, पहली पारी की तरह ही, स्पिन के खिलाफ काफी सधे हुए अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं धनंजय इसके बिल्कुल उलट नजर आए हैं। हालांकि, वह अभी भी क्रीज पर टिके हुए हैं और श्रीलंका के लिए यही सबसे अहम बात है। क्या यह जोड़ी और आने वाले बल्लेबाज निरोशन डिकवेला भारतीय गेंदबाजों को परेशान कर सकते हैं? या फिर गिल की टीम आसानी से जीत हासिल कर लेगी? इसका जवाब जल्द ही मिल जाएगा।
09:18 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: जुरेल को लगी थी चोट
ध्रुव जुरेल को चौथे दिन शॉर्ट लेग पर फील्डिंग करते समय टखने में चोट लगी थी। इसके बाद वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे और चौथे दिन के बाकी समय मैदान पर वापस नहीं लौटे।
09:17 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: गॉल मौसम अपडेट
इस समय गॉल में मौसम साफ और धूप खिली हुई है। ऐसे में आज मैच समय पर शुरू होने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, इस बात की गारंटी नहीं दी जा सकती कि पूरे दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। देवदत्त पडिक्कल और यशस्वी जायसवाल साइड पिच पर ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते भी दिखे।
08:36 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: धनंजय और दिनुषा नाबाद
कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने लाहिरू उदारा के साथ चौथे विकेट के लिए 26 रन जोड़े और फिर सोनल दिनुषा के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन की अटूट साझेदारी की। फिलहाल धनंजय 31 रन और सोनल दिनुषा 25 रन बनाकर नाबाद हैं। इस पारी में भारत की तरफ से मानव सुथार सर्वाधिक 2 विकेट हासिल कर चुके हैं, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट झटका है।
08:36 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: श्रीलंका की दूसरी पारी
इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम चौथे दिन के खेल तक 84/4 का स्कोर ही बना सकी। श्रीलंका को 13 के स्कोर पर निशान मदुष्का (6) के रूप में पहला झटका लगा। टीम के खाते में सिर्फ 1 ही रन जुड़ा था कि पसिंदु सूरियाबंदारा (0) भी अपना विकेट गंवा बैठे। टीम ने 21 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट भी खो दिया।
08:36 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: भारत की दूसरी पारी
मेहमान टीम के पास पहली पारी के आधार पर 178 रन की शानदार बढ़त थी। इसके बाद भारत दूसरी पारी में 193 रन पर सिमट गया और श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का टारगेट मिला। इस पारी में टीम इंडिया की तरफ से ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 66 रन बनाए, जबकि देवदत्त पड्डिकल ने 44 रन की पारी खेली। इनके अलावा, केएल राहुल ने 35 रन का योगदान दिया। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडों ने 4 विकेट निकाले। प्रभात जयसूर्या ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि लाहिरू कुमारा ने 2 विकेट चटकाए।
08:35 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: श्रीलंका की पहली पारी
इसके बाद, श्रीलंकाई टीम पहली पारी में 284 रन पर सिमट गई, जिसके साथ टीम इंडिया ने पहली पारी के आधार पर शानदार लीड बना ली। इस पारी में सोनल दिनुशा ने निरोशन डिकवेला के साथ 146 रन जोड़कर टीम को 284 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। सोनल 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 100 रन बनाकर आउट हुए, जबकि निरोशन डिकवेला ने 80 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से मानव सुथार ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट झटके। मोहम्मद शमी, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
08:35 AM, 19-Aug-2026
IND vs SL Live: भारत की पहली पारी
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहली पारी में 462 रन बनाए। इस पारी में देवदत्त पड्डिकल और केएल राहुल के बीच दूसरे विकेट के लिए 162 रन की साझेदारी हुई। केएल राहुल 11 बाउंड्री के साथ 82 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पड्डिकल ने 16 बाउंड्री के साथ 167 रन की पारी खेली। इनके अलावा, ध्रुव जुरेल 51 रन बनाकर आउट हुए। मेजबान टीम से प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि केशरा नुवानथा ने 3 विकेट निकाले। असिथा फर्नांडों को 2 विकेट हाथ लगे।