डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को कम करने का एलान कर दिया है। ट्रंप ने कहा है कि भारत पर 25 फीसदी की जगह अब 18 फीसदी टैरिफ लगेगा। इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी कहा है कि भारत के साथ ट्रेड डील हो गई है। लेकिन भारत की तरफ से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में ट्रेड डील को लेकर जो मुख्य बातें कही हैं, वह इस प्रकार हैं:
- अमेरिकी सामानों पर लगने वाले टैरिफ को भारत घटाकर शून्य कर देगा
- अमेरिका रेसीप्रोकल टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी करेगा
- भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा
- भारत अमेरिका से ज्यादा मात्रा में तेल खरीदेगा
- भारत वेनेजुएला से तेल खरीदना शुरू कर सकता है
- एनर्जी, टेक्नोलॉजी, एग्रीकल्चर, कोयला और कई अन्य प्रोडक्ट्स की 500 बिलियन डॉलर की खरीद
- भारत ने Buy American के लिए कमिटमेंट किया
इसके पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने जानकारी दी थी कि प्रधानमंत्री मोदी और डोनल्ड ट्रंप के बीच बातचीत हुई है। हालांकि तब सर्जियो गोर ने इस संबंध में किसी भी तरह की अतिरिक्त जानकारी नहीं दी थी। लेकिन इस पोस्ट की भाषा बता रही थी कि सर्जियो और अमेरिका किसी बात को लेकर बेहद उत्साहित हैं। अब ट्रंप के पोस्ट से सब कुछ स्पष्ट हो गया है।

पीएम मोदी ने किया पोस्ट
ट्रंप की तरफ से एलान होने के बाद पीएम मोदी ने भी पोस्ट कर टैरिफ कम होने की जानकारी दी। पीएम ने लिखा, ‘आज अपने प्यारे दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। खुशी है कि अब मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स पर टैरिफ 18% कम हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग के लिए बहुत सारे मौके खुलते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बहुत ज़रूरी है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है। मैं अपनी पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।’

ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ
ट्रंप ने भी आज अपने पोस्ट में पीएम मोदी की तारीफ में कसीदे पढ़े। ट्रंप ने लिखा, ‘आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने कई मुद्दों पर बात की, जिसमें ट्रेड, और रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को खत्म करना शामिल है।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर तुरंत प्रभाव से हम यूनाइटेड स्टेट्स और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर सहमत हुए। भारत के साथ हमारे शानदार रिश्ते आगे और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे लोग हैं जो काम पूरा करते हैं, जो ज्यादातर लोगों के लिए नहीं कहा जा सकता।’