• Sun. Mar 8th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Indore Rang Panchami 2026 Live:गेर से पहले पोहे-कचोरी की दुकानों पर उमड़ी भीड़, दोपहर में पहुंचेगी राजवाड़ा – Indore Rang Panchami 2026 Live Traditional Ger Procession In Rajwada Indore Update

Byadmin

Mar 8, 2026


09:09 AM, 08-Mar-2026

गेर से पहले पोहे-कचोरी की दुकानों पर उमड़ी भीड़

इंदौर के लोग पोहे-कचोरी खाने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते। भले ही गेर सुबह 10 बजे के बाद निकलेगी, लेकिन शहर में पोहा-कचोरी और जलेबी की दुकानों पर अभी से अच्छी-खासी भीड़ नजर आ रही है।

08:45 AM, 08-Mar-2026

गेर मार्ग पर कड़ी सुरक्षा, 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

गेर के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए गेर मार्ग से लेकर आसपास की इमारतों तक पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत गेर मार्ग पर 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं राजवाड़ा पर दंगा नियंत्रक वाहन ‘वज्र’ भी तैनात किया गया है।

08:39 AM, 08-Mar-2026

रसिया कॉर्नर की गेर नहीं निकलेगी

राजमोहल्ला से निकलने वाली रसिया कॉर्नर की गेर आज नहीं निकलेगी। यह गेर पिछले 52 साल से निकल रही है। इसके आयोजक राजपाल जोशी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण इस बार गेर निरस्त कर दी गई है।

08:36 AM, 08-Mar-2026

नगर निगम की गेर का तीसरा साल

इंदौर नगर निगम भी शहर की परंपराओं को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाता है। गणेश विसर्जन चल समारोह पर अनंत चतुर्दशी के दिन झांकी के बाद गत दो वर्षों से निगम ने गेर भी निकालना शुरू किया है। इस बार तीसरा साल है। आज निकलने वाली गेर में ऑपरेशन सिंदूर की झलक देखने को मिलेगी। नगर निगम ने एक टैंक तैयार किया है, इसी टैंक से गुलाल-पानी उड़ाया जाएगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के अनुसार इस बार गेर में सैनिकों के शौर्य और पराक्रम को दिखाया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर की झलक दिखाते हुए टैंक से रंग वर्षा होगी।

08:27 AM, 08-Mar-2026

मॉरल क्लब की गेर

इस गेर के संयोजक अभिमन्यु मिश्रा के अनुसार गेर में 15 ब्लोअर मशीनें, 6 डीजे गाड़ियां, एक बड़ी बोरिंग मशीन और 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां शामिल होंगी। इनसे रंग गुलाल उड़ाया जाएगा। दो बड़े टैंकरों से पानी की छह मिसाइलें चलेंगी। ये 40 फीट तक रंगीन पानी की बौछार करेगी। गेर के जरिए हजारों किलो गुलाल उड़ाया जाएगा।

08:26 AM, 08-Mar-2026

राधाकृष्ण फागयात्रा: गौड़ परिवार ने की शुरुआत

नरसिंहपुरा और लोधीपुरा से राधाकृष्ण फाग यात्रा निकलेगी। इसकी शुरुआत नृसिंह बाजार स्थित बद्रीनारायण मंदिर में पूजन से होगी। 1998 में इसकी शुरुआत पूर्व मंत्री व क्षेत्र के विधायक स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ ने की थी। अब यह परंपरा उनकी पत्नी विधायक मालिनी गौड़ के मार्गदर्शन में उनके पुत्र और हिंद रक्षक संगठन के संयोजक एकलव्य लक्ष्मण सिंह गौड़ निभा रहे हैं। इस साल इस गेर का 28वां वर्ष है। एकलव्य लक्ष्मणसिंह गौड़ ने बताया कि इस वर्ष यात्रा में महाकाल मंदिर की प्रतिकृति बनाई गई है, जिसमें महाकाल विराजमान रहेंगे।

08:26 AM, 08-Mar-2026

संगम कॉर्नर से निकलेगी सृजन संस्था की 76वीं पारंपरिक गेर

रंगपंचमी के अवसर पर शहर में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की पारंपरिक गेर निकाली जाएगी। संगम कॉर्नर से संस्था सृजन के अध्यक्ष कमलेश खंडेलवाल, संयोजक महेश दलोद्रा, गोविंद गोयल और तनुजा खंडेलवाल के नेतृत्व में गेर निकलेगी। इस वर्ष गेर का 76वां वर्ष है। आयोजन में बरसाना की प्रसिद्ध लट्ठमार होली का प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

08:24 AM, 08-Mar-2026

दिन में होली का रंग, शाम को क्रिकेट का संग

आज दिन में होली और संध्या को क्रिकेट मैच है, जिसमें भारत और न्यूजीलैंड का मुकाबला है। यदि भारत विजयी होता है तो राजबाड़े पर रात्रि में दीपावली का नजारा भी देखने को मिल सकता है।

08:23 AM, 08-Mar-2026

प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर को भी पूर्ण रूप से ढका गया ताकि रंगों से महालक्ष्मी मंदिर बचा

07:53 AM, 08-Mar-2026

गेर के रंगों से भगवान कृष्ण सुरक्षित रहे, इसलिए मंदिरों को ढक दिया गया

बृज की होली और मथुरा वृंदावन में लठमार होली से हर कोई परिचित है। भगवान कृष्ण के मंदिरों में रंगोत्सव एक माह तक चलता है। राजवाड़ा के समीप भी तीन कृष्णा मंदिर हैं। जिसमें पहला बांके बिहारी का मंदिर, दूसरा गोपाल मंदिर और तीसरा यशोदा माता मंदिर है। रंग पंचमी की अवसर पर निकाले जाने वाली गेरों के रंगों से भगवान कृष्ण सुरक्षित रहे हैं, इसलिए कृष्ण के मंदिरों को भी ढक दिया गया है। 

 

By admin