भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हीरानगर सेक्टर से आतंकियों की घुसपैठ होने की आशंका जताई गई है। इसी सिलसिले में कठुआ शहर और सीमावर्ती इलाकों में पांच संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर चस्पा किए गए हैं। एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि इन संदिग्धों के बारे में कोई भी सुराग मिले तो तुरंत पुलिस को बताएं। सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
खुफिया सूत्रों ने अंदेशा जताया है कि पाकिस्तान से जैश-ए-मोहम्मद के पांच आतंकियों का एक फिदायीन दस्ता भारतीय सीमा में घुसा है। आतंकियों का ये समूह सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की फिराक में हैं। ऐसे में सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे कठुआ जिले में और आसपास के क्षेत्रों में सेना व पुलिस से लेकर अन्य सुरक्षाबलों के ठिकानों व प्रमुख इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सीमावर्ती इलाकों में हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर है।
सूत्रों ने बताया कि आतंकी षड्यंत्र के मद्देनजर रविवार को सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कठुआ शहर में जगह-जगह दीवारों और खंभों पर संदिग्ध आतंकियों के पोस्टर लगाए गए हैं। इस बीच, लोहाई मल्हार के मलाड़ इलाके में तीन संदिग्धों की मूवमेंट भी देखी गई है।
पहलगाम हमले की बरसी पर घुसपैठ के थे इनपुट
14 फरवरी को पहलगाम हमले की बरसी पर पाकिस्तान की ओर से आतंकियों की घुसपैठ की साजिश को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को लगातार इनपुट मिल रहे थे। अब घुसपैठ की इस नई आशंका से इलाके में चौकसी को और बढ़ा दिया है। इस घुसपैठ के बारे में एजेंसियों को लगातार इनपुट मिल रहे हैं।
रात में सीमा पर पांच किमी के दायरे में आवाजाही है प्रतिबंधित
एक दिन पहले ही जिला मजिस्ट्रेट कठुआ ने हीरानगर सेक्टर में पहाड़पुर से करोल कृष्णा बार्डर पोस्ट के बीच 5 किमी के दायरे में रात की आवाजाही पर दो माह के लिए प्रतिबंध लगाया है। रात नौ बजे से सुबह छह बजे के बीच सीमा क्षेत्र की सड़कों पर बड़े वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित है।