पहले मन की मलीनता को दूर करें
भूपेश बघेल ने कहा कि पहले मन की मलीनता को दूर कर लें उसके बाद गंगा में डुबकी लगाएं तो पुण्य मिलेगा। आपका मन मलीन है तो पुण्य नहीं मिलेगा। वहीं, बागेश्वर बाबा के बयान पर उन्होंने कहा कि मोक्ष हमारे धर्म में सबसे आखिरी है।
निकाय चुनावों में किया जीत का दावा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को मीडिया को संबोधित कर रहे थे। भूपेश बघेल ने कहा- नगरीय निकाय चुनाव संपन्न हो गए हैं। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हुए पर मतदाताओं को तकलीफ हुई क्योंकि वार्ड का परीसिमन गलत तरीके से किया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बहुत अच्छे ढंग से चुनाव लड़ा। सभी ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अच्छी बढ़त मिलेगी और नगर निगमों में भी अच्छे रिजल्ट आयेंगे।
मंत्री के भाई के वीडियो पर क्या कहा
मंत्री लखन लाल देवांगन के भाई द्वारा घर में घुसकर महिला को थप्पड़ मारने के सवाल में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ये इतने दबंग हो गये हैं कि भूल गये हैं कि सामने महिला है कि पुरूष है। खुलेआम कानून हाथ में ले रहे हैं। कानून है तो कार्यवाही होना चाहिए। वहीं, राजधानी में 60 लाख की डकैती पर उन्होंने कहा चुनाव के दिन राजधानी में इतनी बड़ी घटना हो गई। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था तार-तार हो चुकी है। राजधानी में रोज गोली चल रही है। हत्या हो रही हैं और रेप के केस आ रहे हैं।
धान खरीदी पर बोला हमला
भूपेश बघेल ने धान खरीदी को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी का लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन रखा गया था लेकिन राज्य में 149 145 लाख मीट्रिक टन ही धान खरीदी गई। टोकन की कमी, बारदाने की कमी के कारण किसानों को समय पर धान बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी रही जिस कारण से सरकार को झुकना पड़ा और धान खरीदी करनी पड़ी।