दिन में होगी विशेष भस्म आरती
27 फरवरी को सेहरा दर्शन के बाद दोपहर 12 बजे वर्ष में एक बार आयोजित होने वाली विशेष भस्म आरती की जाएगी। इसके बाद भोग आरती होगी और शिवनवरात्रि का पारणा किया जाएगा। दिनभर विभिन्न पूजन और आरती के पश्चात रात्रि में शयन आरती के बाद भगवान महाकालेश्वर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
महाशिवरात्रि पर 10 लाख आएंगे
महाशिवरात्रि पर महाकालेश्वर मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन ने तैयारियां की हैं। अनुमान है कि करीब 10 लाख श्रद्धालु महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचेंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1600 पुलिसकर्मी और 150 ट्रैफिक जवान तैनात रहेंगे, वहीं 200 नए सीसीटीवी कैमरे और 3 ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, जल व्यवस्था और छाया की विशेष व्यवस्था की गई है।
भव्य फूलों से सजेगा महाकाल दरबार
महाशिवरात्रि पर मंदिर को 2000 किलो से अधिक विदेशी फूलों से सजाया गया है। इनमें इंडोनेशिया और थाईलैंड के फूल भी शामिल हैं। 140 लोगों की टीम ने मंदिर में सजावट की है। वहीं, नंदी मंडपम को स्वर्ण महल का रूप दिया गया है।
कलेक्टर ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। प्रकाश, पेयजल, पार्किंग, अग्निशमन, जूता स्टैंड और कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए 1 घंटे में दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।