• Sun. Feb 22nd, 2026

24×7 Live News

Apdin News

Mann Ki Baat Today Live:’एआई समिट में दिखी भारत की ताकत’, मन की बात में बोले पीएम मोदी – Pm Modi Mann Ki Baat Live Updates Prime Minister Narendra Modi Address Nation Broadcast 131st Episode

Byadmin

Feb 22, 2026


11:34 AM, 22-Feb-2026

ओडिशा के युवा किसान ने बदली खेती की तस्वीर

पीएम मोदी ने ओडिशा के हिरोद पटेल नाम के युवा किसान की कहानी आज ग्रामीण नवाचार का उदाहरण बन रही है। करीब आठ साल पहले तक वह अपने पिता शिव शंकर पटेल के साथ पारंपरिक तरीके से धान की खेती करते थे। लेकिन उन्होंने खेती को नए नजरिये से देखने का फैसला किया और जमीन के बेहतर उपयोग पर काम शुरू किया। हिरोद ने अपने खेत में मौजूद तालाब के ऊपर मजबूत जालीदार ढांचा तैयार किया। इस ढांचे पर उन्होंने बेल वाली सब्जियां उगाईं। तालाब के चारों ओर केले, अमरूद और नारियल के पेड़ लगाए। साथ ही तालाब में मछली पालन भी शुरू किया। अब एक ही जगह धान की खेती, सब्जी उत्पादन, फल और मछली पालन हो रहा है। इससे जमीन और पानी का बेहतर उपयोग हुआ है। परिवार की आमदनी भी बढ़ी है और जोखिम कम हुआ है। हिरोद की यह बहु-स्तरीय खेती आसपास के किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है।

 

11:23 AM, 22-Feb-2026

केवाईसी संदेश पर न हों परेशान, यह आपके पैसों की सुरक्षा के लिए: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जब बैंक से केवाईसी अपडेट या री-केवाईसी कराने का संदेश आता है, तो कई लोगों के मन में सवाल उठता है कि पहले ही केवाईसी करा चुके हैं तो दोबारा क्यों। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे संदेशों पर झुंझलाएं नहीं। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया ग्राहकों के पैसे और बैंक खातों की सुरक्षा के लिए होती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में सतर्कता बेहद जरूरी है।

 

11:22 AM, 22-Feb-2026

10 माह की बच्ची की मृत्यु के बाद माता-पिता का बड़ा फैसला- पीएम मोदी

पीएम मोदी इस दौरान केरल की 10 महीने की बच्ची आलिन शेरिन अब्राहम की भी बात कही। उन्होंने बताया कि असमय मृत्यु ने सभी को भावुक कर दिया है। इतनी कम उम्र में उसका जीवन खत्म हो जाना परिवार के लिए गहरा आघात है। उसके माता-पिता अरुण अब्राहम और शेरिन जिस पीड़ा से गुजर रहे हैं, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। एक मासूम बच्ची, जिसके आगे पूरा जीवन पड़ा था, अचानक इस दुनिया से चली गई। लेकिन इस गहरे दुख के बीच उसके माता-पिता ने जो फैसला लिया, उसने पूरे देश का दिल छू लिया। उन्होंने आलिन के अंग दान करने का निर्णय किया। यह कदम न सिर्फ साहस का उदाहरण है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा भी है। इस निर्णय से कई जरूरतमंद लोगों को नई जिंदगी मिलने की उम्मीद जगी है। उनके इस मानवीय कदम की हर ओर सराहना हो रही है।

 

11:20 AM, 22-Feb-2026

भारतीय मूल के खिलाड़ियों का कई देशों में बढ़ा दबदबा- पीएम मोदी

पीएम ने आगे कहा कि टी20 विश्व कप में सिर्फ कनाडा ही नहीं, बल्कि अमेरिका और ओमान की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ियों का प्रभाव साफ दिख रहा है। अमेरिकी टीम के कप्तान मोनांक पटेल गुजरात की अंडर-16 और अंडर-18 टीमों के लिए खेल चुके हैं। मुंबई के सौरभ, हरमीत सिंह और दिल्ली के मिलिंद कुमार भी अमेरिकी टीम की शान हैं। ओमान की टीम में भी जतिंदर सिंह, विनायक शुक्ला, करण, जय और आशीष जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने भारत के अलग-अलग राज्यों में क्रिकेट खेला है। न्यूजीलैंड, यूएई और इटली की टीमों में भी भारतीय मूल के खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ रहे हैं। ये खिलाड़ी अपने-अपने देशों के युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहे हैं और वैश्विक क्रिकेट में भारतीय प्रतिभा की पहचान मजबूत कर रहे हैं।

11:19 AM, 22-Feb-2026

पीएम मोदी ने बताया टी20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों का जलवा

पीएम मोदी ने इस दौरान टी20 विश्व कप के खिलाड़ियों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय मूल के खिलाड़ियों का खासा दबदबा देखने को मिल रहा है। कई देशों की टीमों में भारतीय जड़ों से जुड़े खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से नई पहचान बना रहे हैं। खास तौर पर कनाडा की टीम में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की संख्या सबसे ज्यादा है। कनाडा टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा का जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था। वहीं नवनीत ढालीवाल चंडीगढ़ से जुड़े हैं। इसके अलावा हर्ष ठाककर और श्रेयस मोवा जैसे खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हैं। ये खिलाड़ी अपने खेल से कनाडा के साथ-साथ भारत का भी नाम रोशन कर रहे हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय मूल के खिलाड़ियों की मेहनत और अनुभव इन टीमों को मजबूती दे रहा है।

11:17 AM, 22-Feb-2026

एआई समिट में अमूल और सांस्कृतिक तकनीक ने जीता दुनिया का दिल- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित एआई समिट में दो भारतीय उत्पादों ने विश्व नेताओं को खास तौर पर प्रभावित किया। पहला उत्पाद अमूल के बूथ पर प्रदर्शित किया गया, जहां बताया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पशुओं के इलाज को बेहतर बनाया जा रहा है। एआई के जरिए किसान 24 घंटे अपनी डेयरी और पशुओं का रिकॉर्ड रख सकते हैं। इससे दूध उत्पादन, स्वास्थ्य निगरानी और प्रबंधन में बड़ी सुविधा मिल रही है।

दूसरा उत्पाद भारत की संस्कृति से जुड़ा था। इसमें दिखाया गया कि एआई तकनीक के माध्यम से प्राचीन ग्रंथों, पांडुलिपियों और पारंपरिक ज्ञान को सुरक्षित रखा जा रहा है। साथ ही उन्हें डिजिटल रूप में नई पीढ़ी के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इस पहल को देखकर कई देशों के प्रतिनिधि आश्चर्यचकित रह गए और भारत की तकनीकी व सांस्कृतिक पहल की सराहना की।

11:13 AM, 22-Feb-2026

जानवरों के इलाज में भी एआई मददगार- पीएम मोदी

मन की बात के 131वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पशुओं के इलाज और किसानों की मदद में भी काम आ रहा है। उन्होंने बताया कि एआई समिट के दौरान उन्होंने विश्व नेताओं और टेक कंपनियों के प्रमुखों को प्रदर्शनी में दिखाया कि किस तरह एआई के जरिए पशुओं की बीमारियों की पहचान की जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब किसान 24×7 एआई सहायता से अपनी डेयरी और पशुधन की निगरानी कर पा रहे हैं, जिससे उत्पादन और देखभाल दोनों बेहतर हो रहे हैं।

11:03 AM, 22-Feb-2026

‘एआई समिट में दिखी भारत की ताकत’, मन की बात में बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने मन की बात में आज दिल्ली में आयोजित हुए एआई समिट की चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस समिट में दुनिया को एआई ेक क्षेत्र भारत की मजबूत क्षमता देखने को मिली है। ये अब तक की सबसे बड़ी एआई समिट है। इसके प्रति युवाओं में खास जोश भी देखने को मिला। 

10:42 AM, 22-Feb-2026

मन की बात के कार्यक्रम में पीएम मोदी इन मुद्दों पर कर सकते हैं चर्चा

इस बार माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई पर विस्तार से बात कर सकते हैं। हाल ही में नई दिल्ली में एआई समिट आयोजित हुआ था। इसमें कई देशों ने भाग लिया। ऐसे में तकनीक, नवाचार और डिजिटल भारत को लेकर चर्चा की संभावना है। पिछली बार प्रधानमंत्री ने स्टार्टअप्स और युवा उद्यमियों की भूमिका पर जोर दिया था। इसके अलावा आगामी त्योहारों का जिक्र भी कार्यक्रम में हो सकता है। प्रधानमंत्री अक्सर सामाजिक सद्भाव, सकारात्मक सोच और युवाओं को प्रेरित करने वाले संदेश देते हैं।

10:23 AM, 22-Feb-2026

Mann Ki Baat Today Live: ‘एआई समिट में दिखी भारत की ताकत’, मन की बात में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे आकाशवाणी पर प्रसारित होने वाले मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश और विदेश के लोगों से अपने विचार साझा करेंगे। यह कार्यक्रम का 131वां एपिसोड है और वर्ष 2026 का दूसरा प्रसारण होगा। हर महीने की तरह इस बार भी लोगों को प्रधानमंत्री के संबोधन का इंतजार है। मन की बात देश के लोगों से सीधा संवाद का मंच माना जाता है।

By admin