• Tue. Jun 24th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Monsoon Update: दिल्ली में कल पहुंचेगा मानसून, यूपी और एमपी में भी होगी झमाझम बारिश; जानिए अपने शहर का हाल

Byadmin

Jun 24, 2025


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है। वहीं, कुछ राज्यों में मानसून का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए अच्छी खबर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार (24 जून) तक मानसून के पहुंचने की संभावना है। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूरे दिन बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने के लिए राष्ट्रीय राजधानी को यलो अलर्ट पर रखा है।

दिल्ली में इस साल पहले दस्तक देगा मानसून

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि अमूमन दक्षिण-पश्चिम मानसून 30 जून के आसपास दिल्ली पहुंचता है। हालांकि, इस साल मानसून दिल्ली में सामान्य समय से पहले पहुंचेगा। साल 2013 के बाद ऐसा होगा, जब मानसून दिल्ली में पहले पहुंच रहा है। इससे पहले 2023 में 25 जून, 2022 में 30 जून और 2021 में 13 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था। आईएमडी ने कहा कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिक हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की स्थिति अनुकूल है।

इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना

आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 23 और 24 जून को पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 23 से 27 जून के दौरान मध्य प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।

इसके अलावा 23 से 27 जून के दौरान बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा, 25 और 26 जून को विदर्भ, 24 से 27 जून के दौरान पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है।

यूपी में भी बारिश की चेतावनी

इसके अलावा 23 से 29 जून के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 23, 24, 28 और 29 तारीख को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है।

दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने की संभावना है। इसको देखते हुए दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि इस महीने अब तक, दिल्ली में 2.4 मिमी से अधिक वर्षा के साथ तीन बरसाती दिन दर्ज किए गए हैं।

गुजरात में भारी बारिश से बिगड़े हालात

उधर, सोमवार को गुजरात में भारी बारिश देखने को मिली। बारिश के कारण कई शहरों में जलभराव देखने मिला। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरीके से प्रभावित हुआ है। वहीं, सूरत में भारी बारिश के कारण स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी भागीरथ परमार ने कहा कि भारी बारिश के बाद जिले में सभी छात्रों और शिक्षकों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है और उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की गई है। (इनपुट पीटीआई के साथ)

By admin