पड़ोसियों ने भाजपा महिला मंडल महामंत्री 55 वर्षीय शकुन शर्मा को जमकर घसीटा और पिटाई कर दी। शुक्रवार शाम मंदिर से पूजा कर घर लौटते समय पड़ोसियों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। किसी तरह घर भागकर उन्होंने जान बचाई और पुलिस को फोन किया। पुलिस समझाइश देकर लौट गई लेकिन इसके बाद आरोपित परिवार ने शकुन शर्मा पर हमला कर दिया।
जेएनएन, भोपाल। सूखीसेवनिया क्षेत्र के ओंकारा सेवनिया में पड़ोसियों ने भाजपा महिला मंडल महामंत्री 55 वर्षीय शकुन शर्मा को जमकर घसीटा और पिटाई कर दी। शुक्रवार शाम मंदिर से पूजा कर घर लौटते समय पड़ोसियों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। किसी तरह घर भागकर उन्होंने जान बचाई और पुलिस को फोन किया। पुलिस समझाइश देकर लौट गई, लेकिन इसके बाद आरोपित परिवार ने शकुन शर्मा पर हमला कर दिया।
पुलिस ने पांच लोगों पर केस दर्ज किया
पड़ोस में रहने वाली दो बहनों ने उन्हें घर से दूर तक घसीटा और चांटे मारे, वहीं उनके मां-पिता और भाई ने भी मारपीट की। इस घटना का वीडियो पीड़िता के पिता ने बनाया, जो शनिवार को सामने आया है। शिकायत पर सूखीसेवनिया पुलिस ने पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। घटना के बाद सभी आरोपित घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद की जानकारी भी मिली है।
मंदिर को लेकर चल रहा विवाद
पीड़िता शकुन शर्मा का कहना है कि वह दस साल से सिद्ध नगर, ओंकारा सेवनिया में रह रही हैं। उनके पति कमलेश अशोकागार्डन की एक होटल में काम करते हैं, जबकि बेटा बाहर नौकरी करता है। उन्होंने कॉलोनीवासियों के सहयोग से घर के पास एक शिव मंदिर बनवाया था।
उनका आरोप है कि सुनील गुर्जर दो साल पहले बेगमगंज से यहां आया था और मंदिर के स्वामित्व को लेकर विवाद करने लगा। वह ब्राह्मण समाज के लोगों को पूजा करने से रोकता था। हाल ही में उसने बिजली विवाद को लेकर अतुल व्यास से भी मारपीट की थी।
सड़क पर हो गया विवाद
शुक्रवार शाम करीब छह बजे शकुन शर्मा मंदिर से लौट रही थीं। पड़ोसी से अतुल के विवाद को लेकर बात करते समय सुनील की बेटियां अनु और मनु ने उनसे झगड़ा शुरू कर दिया। इसके बाद वे घर पहुंचीं और बेटे को फोन कर डायल-112 पर सूचना दी। कुछ देर बाद जब वह अतुल व्यास के साथ थाने जा रही थीं, तभी अनु और मनु ने फिर से उन्हें घसीटना शुरू कर दिया।
सुनील गुर्जर, पत्नी गीता गुर्जर और बेटा अनुराग गुर्जर ने भी मारपीट की
इसके बाद सुनील गुर्जर, पत्नी गीता गुर्जर और बेटा अनुराग गुर्जर ने भी मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि तनु के पति बलराम ने भी उनसे मारपीट की थी, लेकिन उसका नाम एफआईआर में दर्ज नहीं किया गया। इस मामले को लेकर उन्होंने एसपी ऑफिस और क्षेत्रीय विधायक से शिकायत की है।