• Wed. Nov 5th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

MP News: रेलवे स्टेशन से लेकर ब्रिजों को खोखला कर रहे चूहे, लापरवाही के कारण धंसा 72 साल पुराना शास्त्री पुल

Byadmin

Nov 5, 2025


जेएनएन, इंदौर। इंदौर नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण 72 साल पुराने शास्त्री ब्रिज का एक हिस्सा रविवार सुबह धंस गया। इस घटना से सड़क पर पांच फीट गहरा और सात फीट चौड़ा गड्ढा बन गया।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम के अधिकारियों को एक वर्ष पूर्व ही चूहों द्वारा ब्रिज के आधार क्षेत्र को खोखला करने की सूचना मिल गई थी, लेकिन उन्होंने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

चूहों के बिलों को भरने के बाद न तो ब्रिज के समग्र नुकसान की जांच कराई गई और न ही कोई एहतियाती उपाय किए गए। अब यह सामने आया है कि चूहों ने ब्रिज के आधार में तीन फीट गहरे बिल बना लिए हैं।

इसके अलावा, ब्रिज के नीचे बनी दुकानों का फर्श खोदकर 15 फीट गहरे तलघर भी बना लिए गए हैं, जिससे पुल को और अधिक नुकसान पहुंचा है। नगर निगम अब ब्रिज और उसके आसपास के क्षेत्र में पेस्ट कंट्रोल करवाने की योजना बना रहा है।

साथ ही, शास्त्री ब्रिज के फुटपाथ की खोदाई कर इसे दोबारा बनाया जाएगा। ब्रिज के नीचे मिट्टी हटाकर पत्थर और सीमेंट का मिश्रण भरा जाएगा और इसके बाद मोटा स्लैब भी डाला जाएगा। सोमवार शाम को नगर निगम के अधिकारियों ने विशेषज्ञों के साथ पुल का निरीक्षण किया।

एमवाय अस्पताल व रेलवे प्लेटफार्म को भी चूहों ने किया खोखला

शास्त्री ब्रिज से करीब एक किमी की दूरी पर प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी एमवाय अस्पताल है। यहां यह स्थिति है कि कुछ दिन पहले ही चूहों ने पीडियाट्रिक आइसीयू में दो नवजातों के अंगों को कुतर दिया था। दोनों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद देशभर में इंदौर की छवि धूमिल हुई।

पता चला है कि चूहों ने एमवायएच की बिल्डिंग को भी खोखला कर दिया है। अब शासन नई बिल्डिंग बनाने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। इसी तरह रेलवे स्टेशन पर भी चूहों का जबरदस्त आतंक है। चूहों ने प्लेटफार्म को भी खोखला कर दिया है।

By admin