• Tue. Apr 22nd, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Mumbai News,महाराष्ट्र के बिजनेसमैन विश्वनाथ पनवेलकर के घर के बाहर फायरिंग, अंबरनाथ इलाके में हुई घटना सीसीटीवी में कैद – firing at industrialist vishwanath panvelkar house in ambarnat mumbai cctv footage

Byadmin

Apr 22, 2025


मुंबई : महाराष्ट्र के अंबरनाथ में प्रसिद्ध उद्योगपति विश्वनाथ पनवेलकर के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की। घटना अंबरनाथ के हुतात्मा चौक के पास स्थित पनवेलकर के ‘सीताई सदन’ निवास स्थान पर घटी। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, दो अज्ञात हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और पनवेलकर के घर के गेट की दिशा में दो राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।पूरी घटना पनवेलकर के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद शिवाजीनगर थाने की पुलिस और क्राइम ब्रांच के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहन जांच शुरू की।

इलाके में दहशत

पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है। इस फायरिंग की वजह क्या थी और इसके पीछे कौन हो सकता है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है। पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

क्राइम ब्रांच जांच में जुटी

शिवाजीनगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को CCTV फुटेज मिला है। यह फुटेज 14 सेकंड का है। इसमें एक बाइक सड़क पर आती दिख रही है। बाइक पनवेलकर के घर के बाहर रुकती है। उसी समय एक रिक्शा भी सड़क पर रुकता है।

सीसीटीवी फुटेज में क्या

रिक्शे से तीन महिलाएं उतर रही होती हैं। तभी बाइक पर बैठा एक आदमी बंदूक निकालता है और पनवेलकर के घर की तरफ दो गोलियां चलाता है। रिक्शे से उतर रही महिलाएं यह सब देखती हैं, उन्हें समझ नहीं आता कि क्या हो रहा है। अगले ही पल हमलावर बाइक पर बैठकर भाग जाते हैं।

मुंबई में लगातार फायरिंग की घटनाएं

हाल ही के दिनों में नवी मुंबई के बेलापुर में बिल्डर सदरुद्दीन खान (50) पर चेंबूर के डायमंड गार्डन के पास फायरिंग हुई थी। शुरुआती जांच में बिल्डर पर फायरिंग की घटना के पीछे संपत्ति या निजी विवाद को कारण माना गया था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोप है कि सदरुद्दीन खान लंबे समय से तेल चोरी के मामलों में शामिल रहा है। मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। हालांकि, पुलिस ने बिल्डर पर फायरिंग के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि इस फायरिंग के पीछे का कारण संपत्ति विवाद था।

By admin