• Thu. Jun 19th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Nobel Peace Prize For Donald Trump,ट्रंप को मिले नोबेल शांति पुरस्कार… पाक आर्मी चीफ जनरल मुनीर की मांग, व्हाइट हाउस में लंच से पहले सीजफायर पर भी बोले – asim munir demands nobel peace prize for donald trump for his role in india-pakistan ceasefire

Byadmin

Jun 19, 2025


वॉशिंगटन: पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग की है। उन्होंने यह पुरस्कार भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम कराने में ट्रंप की भूमिका के लिए मांगा। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में ही ट्रंप के साथ हुई बातचीत में दो-टूक लहजे में कहा कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को कभी भी स्वीकार नहीं करेगा।

ट्रंप के साथ भोज के पहले आया बयान

मुनीर का यह बयान व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप के साथ लंच से पहले आया है। व्हाइट हाउस के कैबिनेट रूम में दोपहर एक बजे (स्थानीय समयानुसार) भोजन का कार्यक्रम है। मुनीर को यह निमंत्रण वाशिंगटन द्वारा किसी सेवारत पाकिस्तानी सेना प्रमुख को दिया गया एक दुर्लभ संकेत माना जा रहा है। अयूब खान, जिया उल-हक और परवेज मुशर्रफ जैसे पाकिस्तानी सेना प्रमुखों को इस तरह के निमंत्रण मिलने के कई उदाहरण हैं, लेकिन वे राष्ट्रपति के पद पर भी थे। पाकिस्तान इस भोज को अपनी कूटनीतिक जीत के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने क्या कहा

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने कहा कि ट्रंप, मुनीर की मेजबानी करेंगे, क्योंकि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध को रोकने के लिए राष्ट्रपति को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने का आह्वान किया है। मुनीर को पिछले महीने पाकिस्तान सरकार ने फील्ड मार्शल रैंक पर पदोन्नत किया था और 1959 में अयूब खान के बाद सेना के किसी अधिकारी को पहली बार यह दर्जा दिया गया है। खबर के मुताबिक, मुनीर ने अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान भारत से ‘‘क्षेत्रीय आधिपत्य थोपने का प्रयास’’ करने के बजाय पाकिस्तान के साथ ‘‘एक सभ्य राष्ट्र की तरह’’ व्यवहार करने का आग्रह किया।

ट्रंप ने फिर किया मध्यस्थता का दावा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत करने के कुछ घंटे बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया है। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में मोदी को ‘एक शानदार व्यक्ति’ बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुधवार को कहा, ‘मैंने युद्ध रुकवाया है… मैं पाकिस्तान को पसंद करता हूं। मुझे लगता है कि मोदी एक शानदार इंसान हैं। मैंने कल रात उनसे बात की। हम भारत के मोदी के साथ व्यापार समझौता करने जा रहे हैं, लेकिन मैंने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध रुकवा दिया है।’’

मुनीर की मेजबानी पर क्या बोले ट्रंप

ट्रंप बुधवार को व्हाइट हाउस में पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की दोपहर के भोजन पर मेजबानी कर रहे हैं। उनसे पूछा गया कि पाकिस्तानी जनरल के साथ बैठक से वह कूटनीतिक रूप से क्या हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं। ट्रंप ने मुनीर का जिक्र करते हुए कहा, “पाकिस्तान की ओर से इसे (युद्ध) रोकने में इस व्यक्ति का बहुत प्रभाव था।” उन्होंने कहा, ‘‘भारत की ओर से मोदी और अन्य लोग थे। उनके बीच टकराव की जबरदस्त स्थिति थी और वे दोनों ही परमाणु संपन्न देश हैं। मैंने इसे रुकवाया। मुझे नहीं लगता कि मैं कोई कहानी सुना रहा था। क्या मैंने कोई कहानी लिखी थी… मैंने दो बड़े देशों, बड़े परमाणु संपन्न देशों के बीच युद्ध को रुकवाया।”

By admin