• Fri. Jun 20th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

PM Narendra Modi in Odisha: पीएम मोदी ने ट्रंप का न्योता क्यों ठुकराया? ओडिशा के जनता मैदान में सब कुछ बताया – pm narendra modi visit to odisha public meeting after roadshow asked why he rejected us president trump invitation

Byadmin

Jun 20, 2025


भुवनेश्वर: पिछले हफ्ते कनाडा में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वाशिंगटन आने का न्योता दिया था। पीएम मोदी ने यह न्योता इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि उन्हें ओडिशा जाना था। यह बात पीएम नरेंद्र मोदी ने ओडिशा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करने के दौरान कही। पीएम मोदी ने जनता मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके लिए ‘महा प्रभु की धरती’ पर होना जरूरी था। इसलिए उन्होंने अमेरिका जाने के बजाय ओडिशा आना पसंद किया। दरअसल पीएम मोदी इस सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प से मिलने वाले थे। लेकिन पश्चिम एशिया में इजरायल-ईरान संघर्ष के कारण ट्रम्प को वाशिंगटन वापस जाना पड़ा। इसलिए यह मुलाकात नहीं हो सकी।

पीएम मोदी ने ओडिशा को दिया तोहफा
पीएम मोदी ने ओडिशा में 18,600 करोड़ रुपये की 105 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान बीजेपी सरकार के एक साल पूरे होने का जश्न भी मनाया गया। पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा सिर्फ एक राज्य नहीं है। बल्कि भारत की विरासत का चमकता सितारा है। सालों से ओडिशा ने भारत की संस्कृति और विरासत को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि विकास और विरासत के मंत्र के साथ ओडिशा की भूमिका और भी बढ़ गई है।

पीएम मोदी का ओडिशा में भव्य स्वागत
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा पहुंचे। वहां उन्होंने बीजेपी सरकार के पहला साल पूरा होने पर एक बड़े कार्यक्रम में भाग लिया। भुवनेश्वर में उनका जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना के लाभार्थियों से बातचीत की और लगभग 25 स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया। PM मोदी ने ‘ओडिशा विजन डॉक्यूमेंट’ भी जारी किया। इसका लक्ष्य 2036 तक ‘समृद्ध ओडिशा’ बनाना है। पिछले 12 महीनों में PM मोदी का ओडिशा का यह छठा दौरा था।

ओडिशा सरकार को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज 20 जून का दिन बहुत विशेष है। आज ओडिशा में पहली भाजपा सरकार ने सफलतापूर्वक एक वर्ष पूरा किया है। यह वर्षगांठ सिर्फ सरकार की नहीं है। यह सुशासन की स्थापना की वर्षगांठ है। यह एक वर्ष जनसेवा और जनविश्वास को समर्पित है। मैं ओडिशा के लोगों को हृदय से बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं मुख्यमंत्री मोहन माझी और उनकी पूरी टीम को भी बधाई देता हूं।

अमेरिका न जाने पर क्या बोले पीएम?
पीएम मोदी ने बताया कि अभी दो दिन पहले मैं G7 समिट के लिए कनाडा में था। उस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मुझे फोन किया और बड़े आग्रह के साथ निमंत्रण दिया। मैंने, अमेरिका के राष्ट्रपति से कहा, निमंत्रण के लिए आपका धन्यवाद, लेकिन मुझे तो महाप्रभु की धरती पर जाना जरूरी है। इसलिए मैंने उनका निमंत्रण विनम्रता से मना किया। आपका प्रेम मुझे महाप्रभु की धरती तक खींच लाया है।

श्रीमंदिर से जुड़े विषयों का हो गया है समाधान-मोदी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि महाप्रभु के आशीर्वाद से श्रीमंदिर से जुड़े विषयों का समाधान भी हो गया है। मैं मोहन जी और उनकी सरकार का अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने करोड़ों भक्तों के निवेदन का मान रखा। यहां सरकार बनते ही श्रीमंदिर के चारों द्वार खोल दिए थे। श्रीमंदिर का रत्न भंडार भी खुल गया है। ये कोई राजनीतिक जय-विजय का विषय नहीं है, ये करोड़ों भक्तों की आस्था का सम्मान करने का कार्य हुआ है।

पीएम मोदी ने किया रोड शो

जनसभा से पहले पीएम मोदी एक विशेष कार में जनता मैदान पहुंचे। जनता मैदान के रास्ते में सड़क के दोनों किनारों पर खड़े BJP कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने तिरंगा और PM मोदी के पोस्टर लहराकर उनका अभिवादन किया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए सांस्कृतिक दलों ने भुवनेश्वर हवाई अड्डे से जनता मैदान तक सड़क पर पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगीत वाद्ययंत्र बजाकर PM मोदी का स्वागत किया। समर्थकों ने PM मोदी के काफिले पर फूलों की बारिश भी की। PM मोदी ने भी हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया।

जनता मैदान में PM मोदी की बड़ी सभा
जनता मैदान में एक बड़ी सभा में PM मोदी ने भाषण दिया। उन्होंने पिछले एक साल में BJP सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। ओडिशा पुलिस ने राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों सहित विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर भुवनेश्वर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। यह इंतजाम PM मोदी के दौरे को देखते हुए किए गए थे, जो 20 जून को हुआ था। भुवनेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की 133 प्लाटून और कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया था।गौरतलब है कि ओडिशा में पहली बार BJP की सरकार बनने के बाद पिछले 12 महीनों में PM मोदी का यह छठा दौरा था।

By admin