महाकुंभ 2025 में वायरल हुई मोनालिसा को अपनी फिल्म में भूमिका ऑफर करने वाले निर्देशक सनोज मिश्रा को बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद यह गिरफ्तारी हुई है। निर्देशक पर एक महिला ने आरोप लगाया है कि उन्होंने कई वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। आइए जानते हैं पूरे मामले को विस्तार से…
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें: Monalisa: कितने भरोसेमंद हैं मोनालिसा को लेकर फिल्म बनाने वाले सनोज मिश्रा? हर फिल्म से जुड़ा रहा है विवाद
चार साल तक रेप करने का आरोप
दरअसल, दिल्ली पुलिस के मुताबिक 6 मार्च 2024 को निर्देशक के खिलाफ बलात्कार, मारपीट, गर्भपात कराने और धमकी देने सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद 30 मार्च को 45 वर्षीय सनोज मिश्रा को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया और उन्हें नबी करीम पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया।
तब निर्देशक पर एक 28 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया था कि सनोज चार साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहे हैं। फिल्म अभिनेत्री बनने की ख्वाहिश रखने वाली इस महिला ने दावा किया कि वह मिश्रा के साथ मुंबई में लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी। महिला के अनुसार शोषण के दौरान निर्देशक ने उसे तीन बार गर्भपात कराने के लिए भी मजबूर किया।
महिला ने बदला बयान
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पहले तो सनोज मिश्रा ने शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसे फिल्मों में काम करने का लालच और धमकी देकर चुप रहने को कहा। बाद में वह शादी के वादे से भी मुकर गए। हालांकि बाद में महिला ने बयान बदलते हुए कार्रवाई न करने की मांग की थी।
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें: Monalisa: विवाद बढ़ता देख खुद सामने आईं माेनालिसा, वीडियो शेयर कर बोलीं- ‘सनोज मुझे बेटी की तरह मानते हैं..’
A post shared by Sanoj Mishra (@sanojmishra)
इस मामले में हुई गिरफ्तारी
अब निर्देशक को जिस मामले में गिरफ्तार किया गया है वह 18 फरवरी 2025 का है। आरोप है कि सनोज ने इस साल फिर उस पीड़िता से मुलाकात की और उसे नई दिल्ली के नबी करीम स्थित होटल शिवा में लेकर गए। निर्देशक पर आरोप है कि इस दौरान उन्होंने फिर से महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसे छोड़ दिया।
साथ ही उसे धमकी दी कि अगर उसने शिकायत दर्ज कराई तो वह उसके अश्लील वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। इसके बाद पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई। पहले से इस मामले को देख रहे दिल्ली उच्च न्यायालय ने सनोज मिश्रा की जमानत याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी हुई है।
इस वजह से भी चर्चा में हैं सनोज
महाकुंभ 2025 के दौरान सनोज मिश्रा अचानक चर्चा में आ गए थे, जब उन्होंने महाकुंभ में वायरल हुई मोनालिसा को फिल्म ऑफर की थी। सनोज पर लगातार कई तरह के आरोप लगते रहे हैं। इससे पहले भी सनोज के पूर्व साथी और फिल्म प्रोड्यूसर वसीम रिजवी ने उन पर कई आरोप लगाए हैं, जिनमें से एक यह है कि डायरेक्टर ने मोनालिसा को अपने जाल में फंसा लिया है।