• Tue. May 6th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Snake Man Last Video: बिहार के ‘स्नेक मैन’ का आखिरी वीडियो, सांपों के मसीहा पर 5 सेकेंड यूं पड़ा भारी

Byadmin

May 5, 2025


समस्तीपुर: बिहार के ‘स्नेक मैन’ नाम से मशहूर जय सहनी का आखिरी वीडियो आया है। वो एक सांप का केचुल छुड़ा रहे थे। आसपास लोगों की भारी भीड़ थी। लोग अपनी मोबाइल में तस्वीरों को कैद कर रहे थे। चेहरे पर जीत वाली मुस्कुराहट थी। 58 सेकेंड के वीडियो में 53वें सेकेंड में सांप ने उनके अंगूठे को डस लिया। इसके बाद तो 5 सेकेंड में जय सहनी की दुनिया ही बदल गई। जिस वक्त ये सब कुछ हुआ, उस दौरान लोगों का जमावड़ा लगा हुआ था। हर कोई सांप के केंचुल को लाइव निकलते हुए देख रहा था। जय सहनी ने सांप से केंचुल को निकाल भी दिया था। तभी आखिरी सेकेंड में अंगुलियों की पकड़ ढीली हुई और सांप ने अटैक कर दिया।

बिहार के ‘स्नेक मैन’ का आखिरी वीडियो

बिहार में ‘सांपों के मसीहा’ के नाम से मशहूर जय कुमार सहनी सांप के केंचुल को अपनी हाथों से निकाल रहे थे। जिस सांप को वो अपने हाथ में पकड़े था वो ‘कोबरा’ था। आमतौर पर बिहार के लोग उसे गेहुअन सांप के नाम से जानते हैं। वीडियो में दिख रहा है कि जय सहनी एक सांप को पकड़े हुए हैं। सबकुछ ठीक रहा है, वो केंचुल को सांप से अलग कर रहे हैं। लोगों को भरोसा इसलिए भी था कि जो शख्स सांप को अपनी हाथों में पकड़ा था, वो अब तक 2000 सांपों को रेस्क्यू कर चुका था। आसपास खड़े लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। इसके बाद जैसे ही सांप पर पकड़ ढीली हुई, चीख-पुकार मच गई।

कोबरा का केचुल निकाल रहे जय सहनी

दरअसल, केंचुल निकालने के दौरान कोबरा बेचैन दिख रहा था। जैसे ही, उसे मौका मिला, उसने जय सहनी के अंगूठे को काट लिया। उनके अंगूठे में ही लटक गया। बेचैन जय सहनी किसी तरह अंगूठे को उसकी दांतों से बचाना चाह रहे थे। इधर-उधर उन्होंने झटका भी मारा। आसपास के लोग भागने लगे। मगर, जय सहनी को लग गया था कि मामला गंभीर हो चुका है। उन्होंने तुरंत अपने बैग से कुछ लाने के लिए लोगों से कहा। तभी जय सहनी की हालत बिगड़ने लगी। उनका शरीर काला पड़ने लगा।

‘सांपों के मसीहा’ को सांप ने ही डसा

जय सहनी का हालत खराब होते देख आनन-फानन में समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन, तब तक काफी देर हो चुकी थी। सांपों के मसीहा नाम से फेमस जिस जय सहनी ने करीब 2000 सांपों को नई जिंदगी देकर जंगल में छोड़ा था, उसी में से एक सांप (कोबरा) ने उनकी सांसें रोक दी। लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि आखिर कैसे बिहार का ‘स्नैक मैन’ सांप की जहर से मर गया।

बगल के गांव में कर रहे थे सांप को रेस्क्यू

जय सहनी सांपों के साथ ऐसे रहते थे, जैसे पुराने जन्म का उनसे कोई नाता हो। बसही भिंडी वार्ड-3 के रहने वाले 35 वर्षीय जय कुमार सहनी के पिता शिवलगन सहनी भी कहते हैं कि उनके बेटे को बचपन से ही जानवरों से प्यार था। बिना सीखे वो ‘स्नेक कैचर’ बन गया था। कोसों दूर जब कहीं भी सांप दिखता था तो उसे बुलाने के लिए लोग आते थे। उन्होंने बताया कि 1 मई को भी बगल के गांव से फोन आया था। फिर वो सांप पकड़ने चला गया। सबकुछ ठीक था, उसने कोबरा सांप का रेस्क्यू भी कर लिया था। लेकिन, उसकी किस्मत खराब थी, हाथ के अंगूठे में सांप ने डस लिया। नतीजा रहा कि उसकी दुनिया ही बदल गई। अब इसी रेस्क्यू का वीडियो सामने आया है, जो जय सहनी का आखिरी वीडियो है।

By admin