देश और दुनिया में कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। क्रिकेट में भारत ने इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया। राजनीति के मोर्चे पर संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण सोमवार से शुरू हो रहा है, जिसमें पश्चिम एशिया के हालात, भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और अन्य मुद्दों पर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट पर संसद में बयान देंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सबका साथ, सबका विकास विषय पर आयोजित वेबिनार को भी संबोधित करेंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान में बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सर्वोच्च नेता घोषित किया गया है। इसी बीच पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर भी पड़ रहा है। भारत ने ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अमेरिका, रूस और अफ्रीका समेत कई देशों से कच्चे तेल की खरीद बढ़ा दी है। देश में मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है और राजस्थान के पिलानी में 40.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी जारी रह सकती है। वहीं सरकार ने भूकंप जोखिम से जुड़े नए सिस्मिक जोन-6 मानक को फिलहाल वापस लेते हुए पुराना मानक फिर से लागू कर दिया है। पढ़ें देश-दुनिया की अहम खबरें…