अमेरिकी राज्य जॉर्जिया के उपनगर अटलांटा में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। ग्विनेट काउंटी पुलिस ने एक बयान में बताया कि रविवार सुबह गोलीबारी तब हुई जब दो अधिकारियों को अटलांटा से लगभग 25 मील (40 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में स्टोन माउंटेन के पास एक होटल के पते पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट मिलने पर भेजा गया था। पुलिस ने बताया कि जब अधिकारी वहां पहुंचे, तो उनका सामना एक ऐसे व्यक्ति से हुआ जिसने बंदूक निकालकर दोनों अधिकारियों पर गोली चला दी। अधिकारियों ने भी जवाबी फायरिंग की, जिससे संदिग्ध घायल हो गया।
पुलिस ने दी ये जानकारी
- पुलिस ने बताया कि गोलीबारी में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई और दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध भी गोली लगने से घायल हुआ है और उसका इलाज किया जा रहा है। गोलीबारी में किसी और के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
- पुलिस ने अभी इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दी है और पुलिस अधिकारियों और संदिग्ध हमलावर के नाम भी नहीं बताए गए हैं।
- गोलीबारी की जांच जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन को सौंप दी गई है। यही संस्था आमतौर पर पुलिस से जुड़ी गोलीबारी के मामलों की जांच करती है।
- जॉर्जिया के गवर्नर ब्रायन केम्प ने कहा गोलीबारी में पुलिस अधिकारी की मौत पर दुख जताया और घायल अफसर के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। केम्प ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा एक पोस्ट में लिखा, ‘यह इस बात की याद दिलाता है कि कानून लागू करने वालों को रोजाना कितने खतरों का सामना करना पड़ता है, और हम उन सभी के आभारी हैं जो अपने साथी जॉर्जियाई लोगों की रक्षा के लिए खुद को खतरे में डालते हैं।’
ये भी पढ़ें- Ukraine War: रूसी ड्रोन हमले में यूक्रेन में 15 की मौत; जेलेंस्की बोले- त्रिपक्षीय बैठक के लिए तय हुई तारीख