• Sun. Mar 9th, 2025

24×7 Live News

Apdin News

Weather: आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तराखंड-हिमाचल में हिमपात; दिल्ली में गर्मी का अलर्ट

Byadmin

Mar 9, 2025


 डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अब ठंड बस कुछ दिन की और बची है। मौसम विभाग के मुताबिक, होली के बाद तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा और फिर लू भी चलने लगेगी। मौसम विभाग ने होली के दिन 14 मार्च को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की वर्षा की फुहार की संभावना जताई है। पहाड़ों पर भी मौसम बदलेगा और बर्फबारी होगी। जम्मू-कश्मीर के साथ उत्तराखंड में लैंडस्लाइड की संभावना है।

होली के दिन हो सकती है हल्की वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इस वजह से आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। सुबह में धुंध हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले सप्ताह मंगलवार और बुधवार को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम है। रिज एरिया में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 32.3 डिग्री सेल्सियस और पीतमपुरा में 32.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बन रहे हल्की वर्षा व हिमपात के आसार

उत्तराखंड के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिनभर तेज धूप खिल रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल भी मंडरा रहे हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

हल्की वर्षा व हिमपात के आसार बन रहे

सोमवार से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की वर्षा व हिमपात के आसार बन रहे हैं। जिससे पारे में मामूली गिरावट आ सकती है। दून में शनिवार को सुबह से धूप खिली रही। दिनभर आसमान साफ रहने से तापमान में भी मामूली वृद्धि हुई। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। जिससे सुबह-शाम ठंड बरकरार है।

यूपी में भी बदलेगा मौसम, जानें बिहार का हाल

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार के बाद बारिश की संभावना जताई है। वहीं आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। यूपी में इन दिनों तेज हवा भी चल रही है। वहीं, सुबह और शाम की ठंड अभी भी बरकरार है। उत्तर प्रदेश में मौसम अब पलटी मारेगा और तापमान बढ़ेगा। हालांकि, उत्तर पश्चिम जिलों में 13 और 14 मार्च को बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार-झारखंड में दिन का भी तापमान बढ़ेगा।

हिमाचल प्रदेश में होगी बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में नौ मार्च से 5 दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है, क्योंकि राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। वहीं, ऊपरी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश हो सकती है।

By admin