मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। गरज वाले बादलों के साथ सुबह से दोपहर के दौरान हल्की वर्षा के एक दो दौर संभावित हैं। वहीं हिमाचल और उत्तराखंड में कई जगहों पर भूस्खलन की चेतावनी जारी की है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में मॉनसून का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली में रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। गरज वाले बादलों के साथ सुबह से दोपहर के दौरान हल्की वर्षा के एक दो दौर संभावित हैं। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री जबकि अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड में कई जगहों पर भूस्खलन की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी ने मुंबई समेत छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार सुबह महाराष्ट्र के रत्नागिरी, रायगढ़, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे और पालघर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया। आईएमडी के मौसम पूर्वानुमान में अगले तीन से चार घंटों तक इन इलाकों में मध्यम से तीव्र बारिश की संभावना जताई गई है।
इस बीच, शनिवार को मुंबई में भारी बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में भीषण जलभराव हो गया। शहर में लगातार बारिश के कारण गांधी नगर, किंग्स सर्कल और सायन रेलवे स्टेशन पर भीषण जलभराव हो गया।
यूपी में मौसम का हाल
यूपी में मानसून की रफ्तार कहीं तेज तो कहीं धीमी है। 24 घंटे से पूर्वी यूपी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश पर ब्रेक लगा है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि आज 17 और 18 अगस्त को वेस्ट यूपी में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है।
लखनऊ में होगी जोरदार बारिश
पूर्वी यूपी की बात करें तो अगले 24 घंटे तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। 18 अगस्त को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। लखनऊ के मौसम पर नजर डालें तो यहां आज का तापमान 35 डिग्री अधिकतम और 27 डिग्री न्यूनतम रह सकता है। आंशिक रूप से बादल छाने और बौछार पड़ने की संभावनाएं हैं। लखनऊ में आज शाम तक तेज बारिश की संभावना है।