11:16 AM, 26-Mar-2026
ट्रंप ने सलाहकारों से कहा है कि वह आने वाले हफ्तों में ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करना चाहते हैं: रिपोर्ट
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल के दिनों में अपने सहयोगियों से कहा है कि वह ईरान में लंबे समय तक चलने वाले युद्ध से बचना चाहते हैं। ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि आने वाले हफ्तों में इस संघर्ष को समाप्त कर दिया जाएगा। मामले से परिचित लोगों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रंप ने निजी तौर पर सलाहकारों को सूचित किया है कि उन्हें लगता है कि विवाद अपने अंतिम चरण में है। ट्रंप ने उनसे आग्रह किया है कि वे सार्वजनिक रूप से चार से छह सप्ताह की समयसीमा का पालन करें। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी चीन यात्रा से पहले इस युद्ध को खत्म करने की इच्छा जता चुके हैं।
10:43 AM, 26-Mar-2026
रूस ने की ईरान के बुशहर परमाणु रिएक्टर के पास हुए हमलों की कड़ी निंदा
ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास दूसरे हमले के बाद रूस के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका और इस्राइल पर जानबूझकर परमाणु आपदा को भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इसकी वजह से मॉस्को को ईरान और रूस के संयुक्त रूप से निर्मित स्थल से और अधिक कर्मचारियों को निकालना पड़ा है।
10:37 AM, 26-Mar-2026
ईरान के शिराज पर अमेरिकी-इजरायली हमले में दो किशोरों की मौत: रिपोर्ट
आईआरएनए समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार शाम को शिराज क्षेत्र के काफ्री गांव में एक आवासीय क्षेत्र पर अमेरिकी-इस्राइली हमले में दो किशोर लड़कों की मौत हो गई। हमले में मारे गए लड़कों की पहचान इल्या और अमीर हुसैन शराफी के रूप में हुई है।
09:43 AM, 26-Mar-2026
यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस बोले- पश्चिम एशिया संघर्ष का सबसे बुरा असर गरीबों और कमजोरों पर
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को चेतावनी दी कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का सबसे अधिक प्रभाव सबसे गरीब और सबसे कमजोर आबादी पर पड़ रहा है। उन्होंने युद्ध को तत्काल खत्म करने और कूटनीति के लिए एक नए सिरे से प्रयास करने का आह्वान किया है।
एक्स पर एक पोस्ट में गुटेरेस ने कहा कि संघर्ष के मानवीय परिणाम उन नागरिकों द्वारा भुगते जा रहे हैं जिनकी इस संघर्ष में कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने कहा, “मध्य पूर्व में संघर्ष के झटके उन लोगों को सबसे अधिक लग रही हैं जिनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है: सबसे गरीब और सबसे कमजोर।”
09:30 AM, 26-Mar-2026
अमेरिका-इस्राइल की ओर से ईरान पर बढ़ाए गए हमले
ईरान पर अमेरिका और इस्राइल के हमलों की संख्या और तीव्रता बढ़ती जा रही है। यह सिलसिला लगातार चल रहा है। ईरान के शिराज में हुई बमबारी में दो लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं, दक्षिण में स्थित लामर्ड हवाई अड्डे पर भी बमबारी की गई है। युद्ध की शुरुआत से ही इस्फहान और कराज पर लगातार हमले किए जा रहे हैं।
09:27 AM, 26-Mar-2026
जर्मनी के रक्षा मंत्री बोले- ईरान युद्ध दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं के लिए आपदा
जर्मनी के रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान युद्ध ‘विश्व की अर्थव्यवस्थाओं के लिए एक आपदा’ है। बोरिस पिस्टोरियस ने ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच छिड़े युद्ध के राजनयिक समाधान का आह्वान किया है। उन्होंने इस संघर्ष को आर्थिक विपदा बताया है। कैनबरा में ऑस्ट्रेलियाई संसद भवन में पत्रकारों से बात करते हुए पिस्टोरियस ने कहा कि जर्मनी किसी भी प्रकार की शांति स्थापित करने में मदद करने के लिए तैयार है।
07:57 AM, 26-Mar-2026
कुवैत ने जारी की विकिरण संबंधी चेतावनी, ईरान के परमाणु संयंत्र के पास हुआ था हमला
ईरान के परमाणु संयंत्र के पास हुए हमलों के बाद कुवैत ने विकिरण संबंधी चेतावनी जारी की। कुवैत ने निवासियों को घर के अंदर रहने, बाहर अनावश्यक आवाजाही से बचने और सभी खिड़कियों और दरवाजों को अच्छी तरह बंद रखने की सलाह दी। आईएईए ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की मामूली दुर्घटनाएं भी गंभीर जोखिम पैदा करती हैं।
06:41 AM, 26-Mar-2026
दुश्मन हमारी द्वीप पर कब्जा करने की योजना में- ईरान की संसद अध्यक्ष
ईरान की संसद के अध्यक्ष एमबी गलीबाफ ने चेतावनी दी है कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ शत्रु देश ईरान के एक द्वीप पर कब्जा करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी सुरक्षा बलों के जरिए सभी दुश्मन गतिविधियों पर नजर रख रहा है।
अपने एक्स पोस्ट में गलीबाफ ने लिखा “कुछ खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, हमारे दुश्मन एक क्षेत्रीय देश के सहयोग से ईरानी द्वीप पर कब्जा करने की तैयारी कर रहे हैं। हमारी सेनाएं सभी दुश्मन गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और यदि वे कोई कदम उठाते हैं, तो उस क्षेत्रीय देश के सभी महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को लगातार और अनवरत हमलों से निशाना बनाया जाएगा।”
05:24 AM, 26-Mar-2026
ईरान के लमर्ड एयरपोर्ट पर अमेरिका-इस्राइल का हमला, कोई हताहत नहीं
ईरान के दक्षिण-पश्चिमी फार्स प्रांत स्थित लमर्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेरिकी और इस्राइली हमले में प्रोजेक्टाइल गिरे। ईरानी सरकारी एजेंसी IRNA ने बताया कि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और नुकसान सीमित है। इससे पहले लमर्ड क्षेत्र में हुए हमलों में नागरिक हताहत हुए थे, जिससे इलाके की संवेदनशीलता बढ़ गई है।
04:40 AM, 26-Mar-2026
UAE में मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिशें, एयर डिफेंस ने इंटरसेप्ट किया
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश में मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिशें की जा रही हैं। एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी हमलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की है।