• Tue. Mar 10th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

West Asia Crisis Live:बगदाद एयरपोर्ट के पास अमेरिकी शिविर पर हमला, तुर्किये ने ईरानी राजदूत को किया तलब – West Asia Crisis Live Israel Us Iran Updates Gulf Countries Attack Trump Statement Netanyahu Mojtaba Khamenei

Byadmin

Mar 10, 2026


01:21 AM, 10-Mar-2026

बगदाद एयरपोर्ट के पास ड्रोन हमला नाकाम, वायु रक्षा प्रणाली ने दो ड्रोन गिराए

इराक की राजधानी बगदाद में हवाई सुरक्षा बलों ने बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दो ड्रोन मार गिराए। ड्रोन गिरने के बाद घटनास्थल पर आग लग गई। इससे पहले अमेरिकी दूतावास से जुड़े लॉजिस्टिक सपोर्ट कैंप को भी निशाना बनाया गया था। इसी दौरान बसरा के दक्षिण-पूर्वी सीमा चौकियों और अल-सिबा, अल-तनुमा, अबू अल-खासिब तथा अल-शलामजा के दक्षिणी इलाकों में भी ड्रोन हमलों की सूचना मिली। हालांकि विस्फोट और आग के बावजूद अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

01:07 AM, 10-Mar-2026

ओमान के सुल्तान ने नए ईरानी सुप्रीम लीडर को दी बधाई

ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को बधाई संदेश भेजा है। उन्होंने खामेनेई को उनके नेतृत्व की नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। बताया जा रहा है कि सुल्तान हैथम खाड़ी क्षेत्र के पहले अरब नेता हैं जिन्होंने मोजतबा खामेनेई को बधाई दी है। मोजतबा खामेनेई को उनके पिता और पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में युद्ध तेज हो गया है।

01:07 AM, 10-Mar-2026

पाकिस्तान में अमेरिकी दूतावास कर्मियों की आवाजाही सीमित

पाकिस्तान में सुरक्षा हालात को देखते हुए अमेरिका ने अपने दूतावास और वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। 10 मार्च को होने वाले बड़े धार्मिक जुलूसों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा चेतावनी जारी कर कहा है कि इस्लामाबाद स्थित दूतावास और लाहौर, कराची तथा पेशावर के वाणिज्य दूतावासों में काम कर रहे कर्मियों को सीमित दायरे में रहने को कहा गया है। अमेरिका ने फिलहाल पाकिस्तान में सभी कांसुलर सेवाएं भी रोक दी हैं। इससे पहले कराची स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया था।

01:06 AM, 10-Mar-2026

अमेरिका-इस्राइल हमले में तीन छात्रों की मौत

ईरान के लोरेस्तान प्रांत में अमेरिका और इस्राइल के हमलों में तीन छात्रों की मौत की खबर सामने आई है। ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार हमलों में स्कूल के बच्चों की जान चली गई। मारे गए छात्रों की पहचान मोहम्मद सालेह साकेत, अमीर अली चेराघी और अनाहिद रश्नो के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार अनाहिद रश्नो अपनी मां के साथ मारी गई। इन हमलों के बाद ईरान में आक्रोश बढ़ गया है और स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

01:06 AM, 10-Mar-2026

दक्षिणी लेबनान के गांव को खाली करने का आदेश

इस्राइल की सेना ने दक्षिणी लेबनान के अल-अंसारिया गांव के लोगों को तत्काल इलाका खाली करने का आदेश दिया है। सेना का कहना है कि इलाके में हिजबुल्लाह की गतिविधियों को निशाना बनाते हुए सैन्य कार्रवाई की योजना बनाई गई है। इस्राइली सेना ने बयान जारी कर कहा कि गांव के सभी निवासियों को तुरंत अपने घर छोड़कर कम से कम एक हजार मीटर दूर सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए। सेना का दावा है कि इलाके में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया जाएगा। इस आदेश के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया है और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।

01:05 AM, 10-Mar-2026

तुर्किये ने ईरानी राजदूत को तलब किया

तुर्किये ने अपने हवाई क्षेत्र में ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल घुसने के बाद कड़ा कदम उठाया है। तुर्किये के विदेश मंत्रालय ने ईरान के राजदूत मोहम्मद हसन हबीबोल्लाहजाद को तलब कर घटना पर स्पष्टीकरण मांगा है। रिपोर्ट के अनुसार ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल तुर्किये के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी। बाद में नाटो की वायु रक्षा प्रणाली ने पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में इसे मार गिराया। मिसाइल के कुछ टुकड़े गाजियांटेप क्षेत्र के एक खाली मैदान में गिरे। इससे पहले भी चार मार्च को ईरान की एक मिसाइल तुर्किये के हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ी थी, जिसे नाटो ने रोक दिया था।

01:05 AM, 10-Mar-2026

ईरान का दावा, क्षेत्रीय हमले आत्मरक्षा के लिए

ईरान ने एक बार फिर कहा है कि पश्चिम एशिया में उसके हमले आत्मरक्षा की रणनीति का हिस्सा हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान का उद्देश्य अमेरिका को क्षेत्र में मौजूद अपने सैन्य ठिकानों से ईरान पर हमला करने से रोकना है। अराघची ने कहा कि ईरान सीधे तौर पर पड़ोसी देशों को निशाना नहीं बना रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर हमले किए जा रहे हैं, वे वास्तव में अमेरिका की सैन्य गतिविधियों के स्रोत हैं। ईरान का कहना है कि उसकी कार्रवाई पूरी तरह रक्षात्मक है और इसका उद्देश्य केवल अपने देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।ईरान ने एक बार फिर कहा है कि पश्चिम एशिया में उसके हमले आत्मरक्षा की रणनीति का हिस्सा हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान का उद्देश्य अमेरिका को क्षेत्र में मौजूद अपने सैन्य ठिकानों से ईरान पर हमला करने से रोकना है। अराघची ने कहा कि ईरान सीधे तौर पर पड़ोसी देशों को निशाना नहीं बना रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर हमले किए जा रहे हैं, वे वास्तव में अमेरिका की सैन्य गतिविधियों के स्रोत हैं। ईरान का कहना है कि उसकी कार्रवाई पूरी तरह रक्षात्मक है और इसका उद्देश्य केवल अपने देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

01:01 AM, 10-Mar-2026

तेल की कीमतों पर नजर, सभी विकल्पों की समीक्षा कर रहे ट्रंप

अमेरिका में बढ़ती तेल कीमतों को लेकर व्हाइट हाउस सक्रिय हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तेल बाजार को स्थिर रखने के लिए सभी संभावित विकल्पों की समीक्षा कर रहे हैं। व्हाइट हाउस ने कहा कि मौजूदा हालात में ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करना सरकार की प्राथमिकता है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता टेलर रोजर्स ने एक बयान में कहा कि ट्रंप और उनकी ऊर्जा टीम पहले से ही बाजार को स्थिर रखने की योजना पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” शुरू होने से पहले ही ऊर्जा बाजार को संभालने की रणनीति तैयार कर चुकी थी। फिलहाल सरकार सभी भरोसेमंद विकल्पों पर विचार कर रही है ताकि तेल कीमतों में तेजी को नियंत्रित किया जा सके।

 

12:46 AM, 10-Mar-2026

West Asia Crisis LIVE: बगदाद एयरपोर्ट के पास अमेरिकी शिविर पर हमला, तुर्किये ने ईरानी राजदूत को किया तलब

तुर्किये ने अपने हवाई क्षेत्र में ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल घुसने के बाद कड़ा कदम उठाया है। तुर्किये के विदेश मंत्रालय ने ईरान के राजदूत मोहम्मद हसन हबीबोल्लाहजाद को तलब कर घटना पर स्पष्टीकरण मांगा है। रिपोर्ट के अनुसार ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल तुर्किये के हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर गई थी। बाद में नाटो की वायु रक्षा प्रणाली ने पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में इसे मार गिराया। मिसाइल के कुछ टुकड़े गाजियांटेप क्षेत्र के एक खाली मैदान में गिरे। इससे पहले भी चार मार्च को ईरान की एक मिसाइल तुर्किये के हवाई क्षेत्र की ओर बढ़ी थी, जिसे नाटो ने रोक दिया था।

By admin