12:52 PM, 09-Apr-2026
पाकिस्तान दौरे पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल का पोस्ट हटाया
पोस्ट हटाए जाने के पीछे फिलहाल कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के कदम अक्सर संवेदनशील कूटनीतिक बातचीत के दौरान उठाए जाते हैं, जहां सूचनाओं को लेकर सतर्कता बरती जाती है। इस घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है।
11:46 AM, 09-Apr-2026
लेबनान पर इस्राइली हमले तेज
लेबनान के दक्षिणी शहरों पर इस्राइली हमले जारी हैं। अल-जजीरा अरबी की रिपोर्ट के अनुसार, इस्राइल ने लेबनान के दक्षिणी शहर हब्बूश पर हमला किया। इससे पहले हारूफ और अल दुवैर में भी इस्राइली हमले दर्ज किए गए थे।
11:03 AM, 09-Apr-2026
ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज रवाना होगा पाकिस्तान
ईरान के पाकिस्तान में राजदूत रेजा अमीरी मोगादम ने बताया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज रात इस्लामाबाद के लिए रवाना होगा। प्रतिनिधिमंडल ईरान की 10-बिंदु शांति योजना पर आधारित वार्ता करेगा। मोगादम ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि इस कदम के बावजूद ईरानियों में इस बात को लेकर संदेह है कि इस्राइली सरकार कूटनीतिक पहल को विफल करने का प्रयास कर सकती है।
10:23 AM, 09-Apr-2026
सीजफायर में लेबनान शामिल होना चाहिए-ब्रिटेन
ब्रिटिश विदेश सचिव इवेट कूपर ने कहा कि अमेरिकी-ईरान सीजफायर में लेबनान को भी शामिल किया जाना चाहिए, जहां इजरायल ने घातक हमले जारी रखे हैं। कूपर ने रॉयटर्स को बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से मालवाहन शिपिंग शुल्क-मुक्त होनी चाहिए, और ईरान द्वारा संभावित शुल्क लगाने की रिपोर्टों को खारिज किया।
09:45 AM, 09-Apr-2026
पूर्ण समझौते तक ईरान में और आसपास रहेगी अमेरिकी सेना- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंपने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक बयान देते हुए कहा कि अमेरिका की सैन्य ताकत ईरान और उसके आस-पास तब तक मौजूद रहेगी जब तक असल समझौते का पूर्ण पालन नहीं हो जाता।
ट्रंप ने कहा इसमें अमेरिकी जहाज, विमान और सैनिक शामिल होंगे, साथ ही अतिरिक्त गोला-बारूद, हथियार और वह सब कुछ जो दुश्मन के कमजोर किए गए ढांचे को पूरी तरह नष्ट करने के लिए जरूरी हो। राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि समझौते का पालन किसी भी कारण से नहीं हुआ, तो कार्रवाई बड़ी, मजबूत और ऐसी होगी जो किसी ने पहले कभी नहीं देखी।
ट्रंप ने आगे कहा यह लंबे समय पहले तय हुआ था और सभी झूठी बातें और बयानबाजी के बावजूद कोई परमाणु हथियार नहीं होंगे और होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह सुरक्षित और खुला रहेगा।
08:09 AM, 09-Apr-2026
लेबनान से दागे गए रॉकेट को इस्राइल ने किया निष्क्रिय
इस्राइली सेना ने जानकारी दी है कि लेबनान की ओर से उत्तरी इस्राइल की दिशा में दागे गए एक रॉकेट को सफलतापूर्वक हवा में ही रोक दिया गया। इस हमले के बाद गलील क्षेत्र में हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन बज उठे, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इस्राइल ने हाल ही में लेबनान पर अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक को अंजाम दिया है। इन हमलों में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं।
06:12 AM, 09-Apr-2026
आज के बड़े घटनाक्रम, जानिए
-
अमेरिका और ईरान के दो हफ्तों के युद्धविराम के बावजूद, इस्राइली सेनाओं ने लेबनान में अब तक के सबसे भयंकर दिन में कम से कम 254 लोगों की हत्या की।
-
ईरानी अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका और इस्राइल ने समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया और कहा कि लेबनान युद्धविराम में शामिल नहीं है।
-
व्हाइट हाउस ने ईरान के 10-बिंदु प्रस्ताव को खारिज कर दिया, जबकि ट्रंप ने इसे वार्ता के लिए ठीक माना था।
-
गाजा में इस्राइली ड्रोन हमले में अल जज़ीरा पत्रकार मोहम्मद विशाह की मौत हो गई।
-
ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड (IRGC) नौसेना ने समुद्री खानों से बचने के लिए नए पारगमन मार्ग घोषित किए, ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य युद्धविराम के तहत खोलने का वादा पूरा किया जा सके।
05:15 AM, 09-Apr-2026
इस्राइल ने फिर दक्षिण लेबनान पर बरसाए बम
इस्राइली सेना ने एक बार फिर बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला शहर के दक्षिणी उपनगरों में किया गया। इसके अलावा इस्राइल ने दक्षिणी लेबनान के कई कस्बों सफाद अल-बत्तिख, माजदल सेलेम, चाकरा और खेरबेत सेलेम पर भी बमबारी की है। हालांकि अभी हमलों में हुए नुकसान और हताहतों की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। स्थिति को लेकर लगातार अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।
04:53 AM, 09-Apr-2026
होर्मुज पर ईरान का बड़ा फैसला, जहाजों के लिए नए रास्ते तय
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) की नौसेना ने होर्मुज में जहाजों की आवाजाही के लिए नए वैकल्पिक रास्तों का एलान किया है। यह कदम समुद्र में संभावित बारूदी सुरंगों (माइंस) से जहाजों को सुरक्षित रखने के लिए उठाया गया है। ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, IRGC नौसेना ने सभी जहाजों को निर्देश दिया है कि वे इन तय मार्गों का पालन करें और उनकी निगरानी में ही गुजरें।
क्या हैं नए रास्ते?
-
प्रवेश: ओमान सागर से आते हुए जहाज पहले लारक द्वीप के उत्तर से गुजरेंगे और फिर खाड़ी की ओर बढ़ेंगे।
-
निकास: खाड़ी से निकलते समय जहाज लारक द्वीप के दक्षिण से गुजरते हुए ओमान सागर की ओर जाएंगे।
ईरान का कहना है कि इन नए रास्तों से जहाजों को सुरक्षित तरीके से गुजरने में मदद मिलेगी और किसी भी खतरे से बचाया जा सकेगा।
03:10 AM, 09-Apr-2026
नेतन्याहू बोले- ईरान कमजोर, इस्राइल मजबूत; जीत अब तक की शानदार
इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ट्वीट कर कहा कि इस्राइल ने अब तक की लड़ाई में शानदार जीत हासिल की है, जो पहले असंभव लगती थी। उनका कहना है कि अब ईरान पहले से कमजोर और इस्राइल पहले से मजबूत है। नेतन्याहू ने स्पष्ट किया कि अभी भी कुछ लक्ष्य बाकी हैं, जिन्हें पूरा किया जाएगा – चाहे सहमति से हो या लड़ाई फिर से शुरू करके। उनका बयान इस्राइल की सैन्य ताकत और आगामी रणनीति की ओर इशारा करता है।