02:15 AM, 27-Mar-2026
ऊर्जा संयंत्र हमले में 10 दिन की रोक- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी सरकार के अनुरोध पर घोषणा की है कि पश्चिम एशिया में ऊर्जा संयंत्रों पर संभावित हमलों को 10 दिन के लिए स्थगित किया गया है। अब यह अवधि सोमवार, 6 अप्रैल 2026, शाम 8 बजे तक के लिए बढ़ा दी गई है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि इस बीच बातचीत जारी हैं और मीडिया में गलत सूचना फैलाने वाले दावों के बावजूद वार्ता बहुत अच्छे ढंग से चल रही है।
01:36 AM, 27-Mar-2026
पाकिस्तान की शांति पहल
पाकिस्तान ने ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ खुद इस पहल का नेतृत्व कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सभी पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है और युद्ध को खत्म कर शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में काम कर रहा है।
01:35 AM, 27-Mar-2026
अमेरिका का कदम: बेलारूस पर नरमी
अमेरिका ने बेलारूस से जुड़ी कुछ वित्तीय और उर्वरक (पोटाश) कंपनियों पर लगे प्रतिबंधों को आंशिक रूप से कम कर दिया है। यह कदम बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको और वॉशिंगटन के बीच सुधरते संबंधों का संकेत माना जा रहा है।दरअसल, ईरान युद्ध के कारण फारस की खाड़ी से नाइट्रोजन उर्वरकों का निर्यात लगभग ठप हो गया है, जिससे अमेरिकी किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उर्वरकों की कीमतें तेजी से बढ़ने के कारण कई किसान इन्हें खरीदने में असमर्थ हो गए हैं। इसी को देखते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनकी सरकार जल्द ही अमेरिकी किसानों के समर्थन में कई नई नीतियां लागू करेगी।
हाल ही में बेलारूस की राजधानी मिंस्क में अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने अमेरिकी दूत जॉन कोल से मुलाकात की थी। इस बैठक के बाद बेलारूस ने 250 राजनीतिक कैदियों को रिहा करने का फैसला लिया, जिसके बदले अमेरिका ने कुछ प्रतिबंधों में राहत देने का संकेत दिया।
01:29 AM, 27-Mar-2026
West Asia LIVE: ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा संयंत्र पर हमले को 10 दिन के लिए रोका; लेबनान में मौतों का आंकड़ा बढ़ा
Israel Iran War News in Hindi Live: पश्चिम एशिया में जारी अमेरिका-इस्राइल और ईरान युद्ध अब और अधिक खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम के अनुसार, संघर्ष चौथे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है और दोनों पक्षों लगातार एक दूसरे पर हमले कर रहे हैं। वहीं होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही से प्रभावित होने से वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स…