उन्होंने बताया कि पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सात मोबाइल फोन, एक लैपटाप, एक हार्ड डिस्क और एक टैबलेट समेत कई इलेक्ट्रानिक उपकरण जब्त किए गए हैं।
अमरावती के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का दौरा करने के बाद बावनकुले ने कहा कि नागपुर की एक 15 वर्षीय पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई है। उसका बयान लिया गया है। जब्त किए गए इलेक्ट्रानिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
रिपोर्ट जल्द ही आने की उम्मीद है। इस मामले में यह लड़की पहली शिकायतकर्ता है।11 अप्रैल को इंटरनेट मीडिया पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो क्लिप और तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
इसके बाद उन्होंने मुख्य आरोपित अयान अहमद तनवीर अहमद सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया, जिन्हें 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस पीड़िताओं से परातवाड़ा क्षेत्र के रहने वाले अयान अहमद के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का आग्रह कर रही थी, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने स्वयं ही जांच शुरू कर दी है, लेकिन 15 वर्षीय लड़की इस मामले में पहली शिकायतकर्ता है। उन्होंने कहा कि उसकी सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरती जा रही है।
उन्होंने पीड़िताओं से निडर होकर आगे आने की अपील की और आश्वासन दिया कि उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के अनुसार, अयान अहमद ने कथित तौर पर कथोरा रोड पर मानव सुगंधे के किराए के फ्लैट का इस्तेमाल महिलाओं का शोषण करने के लिए किया।
पुलिस ने पहले बताया था कि वह उनसे कथोरा रोड, अचलपुर और परातवाड़ा के तीन कैफे में और वज्जर बांध के पास एक बगीचे में भी मिलता था।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने अश्लील तस्वीरों और वीडियो को प्रसारित करने के लिए इस्तेमाल किए गए 41 इंटरनेट मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य आरोपित का जन्मदिन मनाते हुए देखे गए एक पुलिस अधिकारी और दो कांस्टेबलों को भी निलंबित कर दिया गया है।