डिजिटल डेस्क, दिसपुर। असम में एक 15 साल की लड़की की रेप के बाद हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप तीन लोगों पर है, जिसमें से एक नाबालिग है। मामला असम के हैलाकांडी जिले का है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि लड़की इन आरोपियों में से एक के साथ रिश्ते में थी। बता दें कि लड़की राष्ट्रीय राजमार्ग-6 के पास अपने घर में मृत पाई गई थी। परिवार ने आरोप लगाया कि उसके साथ रेप किया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई।
साढ़े 17 साल का है एक आरोपी
पुलिस ने मामले में रविवार को 5 युवकों को हिरासत में लिया था। लेकिन सोमवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी उम्र 17 से 19 साल के बीच है। हैलाकांडी के एसएसपी ने बताया कि एक आरोपी की उम्र साढ़े 17 साल है और अदालत से उस पर वयस्क के रूप में मुकदमा चलाने की अपील की गई है।
लड़की की मां ने बताया कि वह सभी लोग दावत में गए थे। वहां लड़की की उसके चचेरे भाई के साथ बहस हो गई और वह 10.30 बजे घर के लिए निकल गई। जब सभी लोग एक घंटे बाद घर पहुंचे, तो उसकी लाश मिली। उन्होंने आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग की है।
फांसी देने की हो रही मांग
पुलिस ने कहा कि मामले में अभी और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और पूछताछ की जा रही है। एसएसपी ने कहा, ‘आरोपी घर के बारे में अच्छे से जानते थे। लड़की और लड़के के बीच बातचीत होती थी। हम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकते, लेकिन गहन जांच की जा रही है।’
इस घटना के सामने आने के बाद हैलाकांडी और असम की बराक घाटी में विरोध प्रदर्शन हुआ। स्थानीय लोगों ने असम और मिजोरम को जोड़ने वाले एनएच-6 को ब्लॉक कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपियों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं।