इमेज स्रोत, ANI
पढ़ने का समय: 6 मिनट
आईपीएल-2026 का 36वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच खेला गया.
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शनिवार को हुए इस मुक़ाबले में भले राजस्थान रॉयल्स हार गई. लेकिन टीम के स्टार बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की खूब चर्चा हो रही है.
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी ने हैदराबाद के ख़िलाफ़ 37 गेंदों पर 5 चौकों और 12 छक्कों की मदद से 103 रन बनाए. उन्होंने सिर्फ़ 36 गेंदों में ही शतक लगा दिया.
वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी के बाद भी सनराइज़र्स हैदराबाद ने 229 रन का टारगेट चेज़ कर लिया और राजस्थान रॉयल्स यह मुक़ाबला हार गई.
लेकिन क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने वैभव की पारी की सरहाना करते हुए काफ़ी कुछ कहा है.
इमेज स्रोत, Quinn Rooney/Getty Images
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने वैभव सूर्यवंशी को अपना नया पसंदीदा खिलाड़ी बताया.
उन्होंने कहा, “वैभव सूर्यवंशी मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है. वह गेंद को बहुत जोर से मारता है. उसे खेलते देखना मज़ेदार है. गेंदबाज़ को बिल्कुल सही गेंद डालनी पड़ती है, क्योंकि अगर नहीं डाली तो गेंद बहुत दूर जाएगी. वह वाकई शानदार है.”
अश्विन और हरभजन सिंह ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, WILLIAM WEST/AFP via Getty Images
भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने कहा, “मेरा पूरा परिवार वैभव सूर्यवंशी का बहुत बड़ा फ़ैन है. हम हर राजस्थान रॉयल्स का मैच साथ में देखते हैं और मैंने अपने पिता को कभी किसी को इस तरह पसंद करते नहीं देखा.”
“उनका हर शॉट उन्हें रोमांचित कर देता है. मेरी मां को भी उनके गोल-मटोल रूप और उनका जश्न मनाने का अंदाज़ बहुत पसंद है!”
भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा, ”वाकई सम्मान कमाया है इस खिलाड़ी ने. इनका रुतबा छोटे समय में इतना ज़्यादा हो जाना बहुत बड़ी है. इनके टैलेंट की जितनी दाद दें वो कम हैं. हमारे पास शब्द नहीं हैं इनको डिस्क्राइब करने के लिए. ये किस तरीक़े के खिलाड़ी हैं.”
वहीं भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर सबा करीम ने कमेंट्री बॉक्स में अपने साथियों से बात करते हुए कहा है, “बहुत अच्छा, क्या बैटर हैं सूर्यवंशी. इस तरह की बैटिंग देखते हुए हमें एक और नाम इनके बीच में डाल देना चाहिए. वैभव रिकार्डतोड़ सूर्यवंशी.”
पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा, “ये पांच रिकॉर्ड वैभव सूर्यवंशी ने हैदराबाद वाले मैच में तोड़े. पहले बैटर बन गए हैं जिन्होंने मैच के पहले ओवर में चार छक्के लगाए हैं… भारतीय नहीं, पहले बैटर इन द हिस्ट्री ऑफ़ द आईपीएल.”
“यह 15 या उससे कम गेंदों में तीन अर्द्धशतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं. इन्होंने सबसे तेज़ 1000 टी-20 रन बनाए हैं. सबसे तेज़ 50 आईपीएल छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी इनके नाम है. इसके अलावा किसी भारतीय बैटर के एक इनिंग में लगाए गए सबसे ज़्यादा छक्के, 12, का रिकॉर्ड भी इनके नाम है.”
वैभव के छक्कों की लंबाई की चर्चा
इमेज स्रोत, ANI
सूर्यवंशी ने सफलता की सीढ़ी पर हर क़दम के साथ अपनी लय हासिल की.
वैभव के कोच और बिहार के रणजी बल्लेबाज़ रह चुके मनीष ओझा कहते हैं, ”2022 में हमारी एकेडमी में एक मैच खेला गया था. वैभव विरोधी टीम की गेंदबाज़ी का सामना कर रहे थे. इसमें रणजी और अंडर-23 में खेलने वाले कुछ तेज गेंदबाज़ थे. लेकिन वैभव ने उनके ख़िलाफ़ बेख़ौफ़ खेलते हुए 118 रन बनाए थे. उस पारी की ख़ास बात ये थी कि वैभव के लगाए सभी छक्के 80-90 मीटर लंबे थे.”
वैभव ने नवंबर 2023 में अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफ़ी में रनों का अंबार लगा दिया और फिर उसी महीने के अंत में एक अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ में उस फ़ॉर्म को जारी रखा, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड और बांग्लादेश के ख़िलाफ़ भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया.
असली कमाल तो एक साल बाद देखने को मिला.
अक्तूबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ यूथ टेस्ट के लिए चुने गए सूर्यवंशी ने 58 गेंदों में शतक जड़ा. यह पारी उनकी पहचान बन गई.
पिछले साल भी ऐसा ही कमाल दिखाया था
इमेज स्रोत, MONEY SHARMA/AFP via Getty Images
पिछले साल से आईपीएल में खेल रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए 28 अप्रैल 2025 का दिन कभी न भूलने वाला दिन साबित हुआ था.
उस दिन राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 35 गेंदों पर शतक बना दिया था.
अपनी पारी में उन्होंने 11 छक्के और सात चौके लगाए. उसी पारी से उन्होंने ख़ूब सुर्ख़ियाँ बटोरीं.
वैभव के कोच मनीष कहते हैं, “मैं चाहता हूं कि वो सचिन और विराट की तरह बनें. खूब रन बनाएं और भारत और बिहार का गौरव बढ़ाएं.”
वैभव ने ख़ुद को साबित किया
बीबीसी हिंदी पर बीते मार्च में आनंद वासु की छपी एक स्टोरी के मुताबिक़, सूर्यवंशी ने सफलता की सीढ़ी पर हर क़दम के साथ अपनी लय हासिल की.
उन्होंने नवंबर 2023 में अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में रनों का अंबार लगा दिया और फिर उसी महीने के अंत में एक अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ में उस फ़ॉर्म को जारी रखा, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड और बांग्लादेश के ख़िलाफ़ भारत की अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व किया.
इमेज स्रोत, ANI
असली कमाल तो एक साल बाद देखने को मिला. अक्तूबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ यूथ टेस्ट के लिए चुने गए सूर्यवंशी ने 58 गेंदों में शतक जड़ा. यह पारी उनकी पहचान बन गई.
तब यह तर्क दिया गया कि आईपीएल एक ऐसे लड़के के लिए बहुत बड़ा क़दम हो सकता है जो अब भी अपने पैर जमाने की कोशिश कर रहा है और इतनी कम उम्र में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का सामना करना फ़ायदे से ज़्यादा नुक़सान पहुंचा सकता है.
2025 के आईपीएल सीज़न में, सूर्यवंशी ने उन चिंताओं को दूर कर दिया. उन्होंने अनुभवी शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा.
इसके कुछ ही समय बाद, उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से उन पर लगभग 1.10 करोड़ रुपये के किए गए निवेश को सही साबित किया.
सूर्यवंशी गुजरात टाइटन्स के ख़िलाफ़ 35 गेंदों में तूफ़ानी शतक लगाकर सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.