• Sun. Apr 26th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

कर्नाटक: मंगलुरु में धार्मिक जुलूस के दौरान फुटब्रिज ढहा, 8 लोग घायल

Byadmin

Apr 26, 2026


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक के मंगलुरु जिले में एक धार्मिक जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दक्षिण कन्नड़ जिले के मूडबिद्री तालुक में शुक्रवार देर रात एक संकरा फुटब्रिज अचानक ढह गया, जिससे जुलूस में शामिल 8 लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना होसाबेट्टू के पास बावदाबैले इलाके में हुई। श्रद्धालु धर्मनेमा अनुष्ठान की तैयारियों के तहत पवित्र चढ़ावे के साथ पालकी लेकर जा रहे थे। यह जुलूस सनदगुड्डे पडिहोडिबेट्टू स्थित मंदिर से शुरू होकर टकोडे बार्के स्थित एक घर की ओर जा रहा था।

करीब 25 लोग थे जुलूस में शामिल

अधिकारियों के अनुसार, जुलूस में लगभग 25 लोग शामिल थे। पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ श्रद्धालु संकरे फुटब्रिज से गुजर रहे थे। जैसे ही समूह पुल के बीच हिस्से में पहुंचा, अचानक सपोर्टिंग बीम टूट गई और पुल भरभराकर गिर पड़ा।

ब्रिज गिरने के बाद पालकी और कई श्रद्धालु करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

दो लोगों को गंभीर चोटें

घायलों में हरीश नामक व्यक्ति के दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि मरूर निवासी सुनील शेट्टी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बाकी छह लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि यह फुटब्रिज करीब 50 साल पुराना था और काफी जर्जर हालत में था। प्रारंभिक जांच में पुल की सपोर्टिंग बीम कमजोर होने की बात सामने आई है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अब पुल की हालत, रखरखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों ने पुराने पुलों की समय-समय पर जांच कराने की मांग की है।

By admin