डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बयान दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि आज होने वाली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक के खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फेसबुक पर पोस्ट वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार पेपर लीक माफिया पर और अधिक कड़ी चोट करने जा रही है। उन्होंने छात्रों का भविष्य बर्बाद करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर दिया।
PM Modi releases a video and says “More strict actions against paper leaks to come in tomorrow’s Cabinet!”
Prime Minister Narendra Modi says, “… Numerous effective measures have been taken in the past two and a half months since the paper leak incident. The culprits have been… pic.twitter.com/Hw0u0ChZww
— ANI (@ANI) July 23, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो में कहा कि पेपर लीक की घटना के बाद पिछले ढाई महीनों में कई असरदार कदम उठाए गए हैं। दोषियों को पकड़ लिया गया है और वे जेल में हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह पक्का करना था कि छात्रों का साल बर्बाद न हो… सरकार ने पूरी ताकत लगा दी ताकि 22 लाख छात्र कम से कम समय में अपनी परीक्षा दे सकें। 19 जुलाई को नतीजे घोषित किए गए… मैंने आज विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया।
आगे कहा कि विभागों ने देर रात मुझे प्रस्ताव सौंपा। इस प्रस्ताव पर, जिसमें फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा का प्रावधान है, आज कैबिनेट में चर्चा होगी। कैबिनेट सहयोगियों के सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा, और चूंकि सोमवार से संसद का दूसरा हफ्ता शुरू हो रहा है, इसलिए कोशिश की जाएगी कि उस बिल को जल्द से जल्द सदन में पास कराया जाए।
यह एलान ऐसे समय में आया है जब नीट यूजी पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में छात्रों के प्रदर्शन जारी हैं और विपक्ष सरकार पर हमलावर है।
देशभर में छात्र सड़कों पर
नीट-यूजी पेपर लीक को लेकर धरना दे रहे छात्रों पर बल प्रयोग के विरोध में गुरुवार को भी जगह-जगह प्रदर्शन हुए। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, पंजाब समेत कई राज्यों में लोग सड़क पर उतरे। सबसे उग्र प्रदर्शन बिहार में हुआ।
दरभंगा और जहानाबाद जिलों में प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग की। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कई प्रदर्शनकारी भी घायल हो गए।
पटना विश्वविद्यालय के सामने प्रदर्शन कर विधानसभा की तरफ बढ़ रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें आधा दर्जन छात्रों के सिर फटने की सूचना है।
पुलिस मुख्यालय ने 117 और पटना पुलिस ने 60 प्रदर्शनकारियों की तस्वीर जारी की है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि छात्रों के प्रदर्शन को उपद्रवियों ने हाइजैक कर लिया था।