• Wed. Apr 15th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

आज से सुस्त होगी हवा की रफ्तार, दिखेगा भीषण गर्मी का असर; इन राज्यों में हो सकती है बारिश

Byadmin

Apr 15, 2026


जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसम अब तेजी से करवट लेने वाला है। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ेगी। यही बदलाव गर्मी को तेज करने का बड़ा कारण बनेगा। तापमान में चार-पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी के संकेत हैं।

इससे आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का असर साफ दिखेगा। हालांकि इस दौरान रुक-रुक कर पश्चिमी विक्षोभ भी आता रहेगा, लेकिन उसका असर सीमित ही होगा। हल्की बारिश और आंधी के बावजूद राहत टिकाऊ नहीं होगी। अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा ज्यादा तपिश लेकर आने वाला है।

उत्तर प्रदेश में गर्मी अब तेजी से बढ़ेगी

मौसम विभाग (आइएमडी) का पूर्वानुमान है कि एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी अब तेजी से बढ़ेगी। अभी तक चल रही हल्की हवाएं राहत दे रही थीं, लेकिन उनके थमते ही गर्म हवाओं का असर बढ़ेगा।

दोपहर के समय लू जैसी परिस्थितियां बनने लगेंगी, लेकिन इसी बीच एक-दो पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होंगे। इनके असर से 15 से 18 अप्रैल के बीच कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना है।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है। हिमाचल और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। इससे मैदानी इलाकों को सीधी राहत नहीं मिलेगी, लेकिन तापमान बढ़ने की रफ्तार कुछ समय के लिए थम सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में 19 अप्रैल तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश संभव है, लेकिन वहां भी गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। मध्य प्रदेश में स्थिति और ज्यादा गंभीर होती दिख रही है।

मालवा और विंध्य क्षेत्र में लू का असर ज्यादा रहेगा

कई जिलों में तापमान पहले ही 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ग्वालियर में पारा 45 डिग्री और भोपाल में 44 डिग्री तक जाने का अनुमान है। मालवा और विंध्य क्षेत्र में लू का असर ज्यादा रहेगा।

बुधवार के बाद बनने वाला नया मौसम सिस्टम यहां ज्यादा असर नहीं डालेगा, जिससे गर्मी लगातार बनी रहेगी। बिहार-झारखंड में भी गर्मी धीरे-धीरे तेज होगी। हालांकि यहां बीच-बीच में हल्की हवाएं चल सकती हैं, लेकिन उससे भी राहत नहीं मिलेगी।

मेरठ, आगरा, लखनऊ, प्रयागराज में दिन का तापमान काफी बढ़ेगा

उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर तेज होगा। पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में तापमान तेजी से चढ़ेगा। मेरठ, आगरा, अलीगढ़, लखनऊ और प्रयागराज जैसे शहरों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर जा सकता है।

दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में कहीं-कहीं 20 और 21 अप्रैल को धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है।

By admin