इमेज स्रोत, NSUI & IYC
दिल्ली में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस सेवा दल से जुड़े बीवी श्रीनिवास और इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है.
कुछ कार्यकर्ताओं को गुरुवार देर रात और कुछ को शुक्रवार अलसुबह हिरासत में लिया गया है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआई ने कहा है कि वो संगठन की महिला कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट के मामले में एफ़आईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे.
एनएसयूआई का आरोप है कि दिल्ली पुलिस की एक महिला अधिकारी ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की. संगठन ने दावा किया कि इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक एफ़आईआर दर्ज नहीं की गई है.
विनोद जाखड़ ने कहा, “हमने बुधवार को एडिशनल डीसीपी से भी मुलाक़ात की थी, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई.”
एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि मामले में एफ़आईआर दर्ज नहीं की गई, तो संगठन अपना आंदोलन और तेज़ करेगा. संगठन ने कहा कि उसके नेताओं को हिरासत में लेने से न्याय की मांग को लेकर उसका विरोध प्रदर्शन नहीं रुकेगा.
एनएसयूआई के आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने अभी तक प्रतिक्रिया नहीं दी है.