पीटीआई, नई दिल्ली। किसानों की आय बढ़ाने की कोशिशों के तहत सरकार ने बफर स्टाक प्रोग्राम के तहत प्याज की खरीद कीमत शनिवार से बढ़ाकर 16.50 रुपये प्रति किलो कर दी है। अभी यह कीमत 15.80 रुपये प्रति किलो है।
महाराष्ट्र के किसान 30 रुपये प्रति किलो की दर पर खरीद चाहते हैं, क्योंकि राज्य में इनपुट कीमतें ज्यादा है। देश में सबसे अधिक प्याज का उत्पादन महाराष्ट्र में होता है।
सरकार ने इस साल के लिए दो लाख टन खरीद का लक्ष्य रखा है और यह 2025-26 में खरीदे गए तीन लाख टन से कम है।मौजूदा सीजन के लिए प्याज की खरीद 15 मई से शुरू हुई थी।
ताजा सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2025-26 में प्याज का उत्पादन 307.37 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि 2024-25 में यह 307.67 लाख टन था।
इस सप्ताह की शुरुआत में महाराष्ट्र में किसानों ने 3,000 रुपये प्रति क्विंटल (30 रुपये प्रति किलो) के न्यूनतम खरीद मूल्य की मांग की थी। उनका दावा था कि नेफेड और एनसीसीएफ द्वारा प्रस्तावित खरीद मूल्य बाजार की उम्मीदों से कम है और खेती की लागत को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है।