डिजिटल डेस्क, पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की लोहगढ़ किले से धक्का देकर हत्या के मामले में पुलिस अब मुख्य आरोपी सिया गोयल की मोबाइल चैट्स को डिकोड करने में जुटी है। इन चैट्स में कोडवर्ड्स, निकनेम और इमोजी का इस्तेमाल किया गया है, जिनका मतलब केवल सिया ही बता सकती है।
पुलिस ने अदालत को बताया कि सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के फोन से बरामद डिजिटल डेटा में गोपनीय भाषा, छिपे नाम और इमोजी का इस्तेमाल है। सहायक लोक अभियोजक राजश्री विरकुड ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट मिल चुकी है। ये चैट्स केवल आरोपी ही समझा सकती हैं।
कोर्ट का फैसला
पुलिस ने सिया और चेतन की रिमांड बढ़ाने की मांग की थी ताकि दोनों को आमने-सामने बिठाकर चैट्स का संदर्भ समझा जा सके, लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है (16 जुलाई तक)।
मामला क्या है?
18 जून को केतन अग्रवाल और सिया गोयल लोहगढ़ किले गए थे। पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन ने मिलकर केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया। दोनों की सगाई हो चुकी थी और नवंबर में शादी तय थी।
पुलिस ने सिया द्वारा केतन का पासपोर्ट फेंकने वाली जगह पर पंचनामा किया। हत्या की रिहर्सल वाली जगह का भी पंचनामा किया। सिया का दूसरा मोबाइल फोन बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा।
पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा कि अपराध स्थल के आसपास कई गवाह सामने आए हैं। उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों के बीच वित्तीय लेन-देन की भी जांच हो रही है। केतन द्वारा सिया को दिए गए पैसे के लेन-देन का विवरण उचित समय पर खुलासा किया जाएगा।