इमेज स्रोत, ANI
गुजरात के गिर के जंगलों में दो शेरों की मौत हो गई है. आशंका है कि बेबेसिया संक्रमण से इन शेरों की मौत हुई है.
बीबीसी गुजराती की ख़बर के मुताबिक़ वन विभाग ने एहतियात के तौर पर संक्रमण के लक्षणों वाले 17 शेरों को अलग कर दिया है. आशंका है कि अन्य शेरों को भी बेबेसिया हो सकता है. उन्हें दूसरे शेरों से अलग (क्वारंटीन) रखा जा रहा है.
इससे पहले 2020 में, इस महामारी के कारण 20 से अधिक एशियाई शेरों की मौत हो गई थी.
बेबेसिया या बेबेसिओसिस पैरासाइट की वजह से होने वाली बीमारी है. ये लाल रक्त कोशिकाओं को नष्ट कर देती है. इससे मलेरिया जैसे लक्षण पैदा होते हैं जैसे कि तेज बुख़ार, थकान और खू़न की कमी.
हालांकि, गुजरात के वन और पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने कहा है “वन विभाग” की ओर से एहतियाती उपाय किए जा रहे हैं और वर्तमान स्थिति चिंताजनक नहीं है.
2018 में, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (सीडीवी) से शेरों में एक संक्रामक बीमारी फैल गई थी, जिससे लगभग 30 शेरों की मौत हो गई थी,
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उस समय शेरों को सीडीवी संक्रमण के साथ-साथ बेबेसिया भी हो गया था.