• Fri. Oct 30th, 2026

24×7 Live News

Apdin News

गुजरात: मोरबी में कार पार्किंग सेंसर की आवाज से चिढ़े पड़ोसी ने महिला वकील की कार को फूंका, वीडियो वायरल

Byadmin

Oct 30, 2026


डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के मोरबी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पड़ोसी ने महिला वकील की कार में आग लगा दी, सिर्फ इसलिए क्योंकि कार के पार्किंग सेंसर की बार-बार आने वाली आवाज से वह परेशान हो गया था। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना बुधवार (28 अक्टूबर) को मोरबी के वाघपारा इलाके में हुई। महिला वकील पुष्पा भट्ट (कुछ रिपोर्टों में 63 वर्षीय) की मारुति स्विफ्ट कार दोपहर करीब 2 बजे उनके सहयोगी वकील महिधर दवे के घर के पास खड़ी थी।

शाम करीब 4:44 बजे आरोपी शिकर जयेशभाई गोहेल कार के पास आया। उसने ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) कार पर डाला, माचिस जलाकर आग लगा दी। कार में लपटें भड़क उठीं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी आग लगने के बाद भागने के बजाय वहीं खड़ा रहा और मोबाइल पर जलती कार का वीडियो बनाता रहा। इसके बाद वह सामने खड़ी दूसरी कार में बैठकर वहां से चला गया।

सीसीटीवी फुटेज में पूरा घटनाक्रम कैद है। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड ने आकर आग पर काबू पाया। कार के इंजन और केबिन सहित ज्यादातर हिस्सा जल गया। नुकसान करीब 3.5 लाख रुपये का बताया जा रहा है। सिर्फ पीछे का बूट हिस्सा अपेक्षाकृत सुरक्षित रहा।

विवाद का कारण

पुलिस इंस्पेक्टर वाईबी जडेजा के अनुसार, शिकायतकर्ता और आरोपी पड़ोसी हैं। कार आरोपी के घर के पास खड़ी होती थी। कार के पार्किंग सेंसर बार-बार बीप करते थे, जिससे आरोपी चिढ़ जाता था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने भी स्वीकार किया है कि सेंसर की आवाज से परेशान होकर उसने यह हरकत की।

पुलिस कार्रवाई

पुष्पा भट्ट की शिकायत पर मोरबी सिटी ‘ए’ डिवीजन पुलिस ने शिकर जयेशभाई गोहेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(एफ) और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लिया जा चुका है और पूछताछ चल रही है।

By admin